कोलकाता/दक्षिण भारत। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के रुझान आ रहे हैं। राज्य में भाजपा ने तृणकां को पछाड़ दिया है। टीवी चैनलों पर दिखाई जा रहीं रिपोर्टों की मानें तो भाजपा ने रुझानों में बहुमत के आंकड़े को छू लिया है। वह 148 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, तृणकां ने शुरुआती बढ़त गंवा दी है।
चुनाव आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, भाजपा 38 सीटों पर आगे चल रही है। तृणकां ने 18 सीटों पर बढ़त बना रखी है। एक सीट पर भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा - बीजीपीएम आगे चल रहा है।
भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी आगे चल रही हैं। उन्होंने भाजपा के सुवेंदु अधिकारी को पछाड़ दिया है। अभी तक ममता बनर्जी को 3666 और अधिकारी को 1670 वोट मिल चुके हैं। दोनों के बीच 1996 वोटों का अंतर है। तीसरे स्थान पर सीपीआई (एम) के श्रीजीब बिस्वास हैं। उन्हें सिर्फ 54 वोट मिले हैं।
डोमकाल सीट से सीपीआई (एम) आगे चल रही है। अब तक यही एकमात्र सीट है जहां सीपीआई (एम) अपना असर दिखा पाई है। यहां 618 वोटों की बढ़त है। तृणकां के हुमायूं कबीर दूसरे स्थान पर हैं।
नोवदा से आम जनता उन्नयन पार्टी के हुमायूं कबीर आगे चल रहे हैं। उन्होंने 5328 वोटों की बढ़त बना रखी है। तृणकां की सहिना मुमताज़ खान अब तक 5992 वोट लेकर दूसरे स्थान पर चल रही हैं। भाजपा के राणा मंडल तीसरे स्थान पर हैं।