भवानीपुर सीट से सुवेंदु अधिकारी चल रहे आगे

फ़िलहाल पोस्टल बैलेट की गिनती चल रही है

Photo: SuvenduWB FB Page

कोलकाता/दक्षिण भारत। पश्चिम बंगाल की भवानीपुर विधानसभा सीट से शुरुआती रुझानों में भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी आगे चल रहे हैं। टीवी चैनलों पर जारी रिपोर्टों में यह जानकारी दी गई है।

चुनाव आयोग ने अभी तक कोई आंकड़े जारी नहीं किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि फ़िलहाल पोस्टल बैलेट की गिनती चल रही है, जिसके बाद ईवीएम की गिनती होगी।

वहीं, झारग्राम सीट से भी भाजपा आगे चल रही है। ताजा रुझानों के अनुसार, यहां भाजपा के लक्ष्मीकांत साऊ ने तृणकां के मोंगल सरेन पर 976 वोटों की बढ़त बना रखी है। ये पंक्तियां लिखे जाने तक लक्ष्मीकांत को 5156 और मोंगल को 4180 वोट मिल चुके थे। 

उधर, कलिम्पोंग सीट पर भी मुकाबला कड़ा है। वहां भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा आगे चल रहा है। इसके उम्मीदवार रुडेन सदा लेप्चा ने भाजपा के भरत कुमार छेत्री को पछाड़ दिया है। अब तक रुडेन को 6384 और भरत को 5927 वोट मिल चुके हैं। दोनों के बीच 457 वोटों का अंतर है।

नयाग्राम में भी भाजपा ने बढ़त बना रखी है। यहां उसके उम्मीदवार अमिया किस्कू आगे चल रहे हैं। उन्होंने तृणकां के दुलाल मुर्मू को पीछे छोड़ दिया है। दोनों उम्मीदवारों के बीच 67 वोटों का अंतर है। यहां कांग्रेस बहुत पीछे चल रही है। अभी तक उसके उम्मीदवार को सिर्फ 70 वोट मिले हैं।

देगंगा सीट से तृणकां के अनीसुर रहमान बिदेश 5546 वोट लेकर सबसे आगे चल रहे हैं। उन्होंने 2184 वोटों की बढ़त बना रखी है। दूसरे स्थान पर सेकुलर फ्रंट के मोफिदुल हक सहाजी मिंटू हैं। भाजपा उम्मीदवार तरुण कांति घोष तीसरे स्थान पर चल रहे हैं। 

About The Author: News Desk