कोलकाता/दक्षिण भारत। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना ज़िले के दो विधानसभा क्षेत्रों के 15 बूथों पर शनिवार को मतदान शुरू हुआ। चुनाव आयोग ने एक दिन पहले ही चुनावी धांधली की रिपोर्ट मिलने के बाद इन बूथों पर दोबारा मतदान का आदेश दिया था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 मतदान केंद्रों और डायमंड हार्बर के चार मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान का आदेश दिया गया। अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।
इन दो विधानसभा क्षेत्रों में मतदान राज्य चुनावों के दूसरे चरण में 29 अप्रैल को हुआ था। चुनाव आयोग के अधिकारी ने बताया कि दोबारा मतदान का आदेश दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से मिली रिपोर्टों तथा महत्त्वपूर्ण परिस्थितियों पर आधारित था।
भाजपा ने डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाली दोनों विधानसभा सीटों के कुछ मतदान केंद्रों पर बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली का आरोप लगाया था। इस लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व तृणकां के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी करते हैं।
आयोग ने ज़मीनी स्तर पर आरोपों की सच्चाई की जांच करने के लिए अपने विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को नियुक्त किया था। इस बीच, आयोग शनिवार को फालता विधानसभा क्षेत्र में दोबारा मतदान पर फैसला करेगा।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो चरणों - 23 अप्रैल और 29 अप्रैल - में संपन्न हुए। मतगणना 4 मई को होगी।