वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी 'चुनावी बिल': राहुल गांधी

आज वाणिज्यिक गैस सिलेंडर 993 रुपए महंगा हो गया

Photo: rahulgandhi FB Page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कांग्रेस ने शुक्रवार को वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि यह एक 'चुनावी बिल' है और अगला 'हमला' पेट्रोल और डीज़ल पर होगा।

राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने चेतावनी दी थी कि चुनावों के बाद महंगाई की मार पड़ेगी। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर कहा, 'कह दिया था- चुनाव के बाद महंगाई की गर्मी आएगी।'

इसके बाद कहा, 'आज वाणिज्यिक गैस सिलेंडर 993 रुपए महंगा (हो गया है)। एक ही दिन में सबसे बड़ी बढ़ोतरी। यह चुनावी बिल है।'

उन्होंने कहा, 'फरवरी से अब तक: 1,380 रुपए की बढ़ोतरी (हुई है)- सिर्फ़ 3 महीनों में 81 प्रतिशत का इज़ाफ़ा (हुआ है)।'

राहुल गांधी ने कहा, 'चायवाला, ढाबा, होटल, बेकरी, हलवाई - हर किसी की रसोई पर बोझ बढ़ा है। और इसका असर आपकी थाली पर भी पड़ेगा। पहला वार गैस पर, अगला वार पेट्रोल-डीज़ल पर।'

About The Author: News Desk