तृणकां ने कोलकाता को लंदन बनाने का वादा किया था, घुसपैठियों को बसा दिया: प्रधानमंत्री

मोदी ने बैरकपुर में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया

Photo: @BJP4India X account

बैरकपुर/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सन् 1857 में इसी बैरकपुर की धरती ने आजादी की पहली लड़ाई को ताकत दी थी। यही धरती आज बंगाल में परिवर्तन की राह को और प्रशस्त कर रही है। 

उन्होंने कहा कि मैं पिछले तीन-चार दशकों से देश के कोने-कोने में जाता रहा हूं। राजनीति में आने के बाद, भाजपा में आने के बाद, मैं भाजपा के कार्यकर्ता के रूप में पार्टी जो भी काम कहती है, वो मैं करता हूं। चुनाव की जिम्मेदारियां संभालना भी इसी का हिस्सा रहा है। मैं न दिन देखता हूं, न रात, न मौसम देखता हूं, चल पड़ता हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब से घर छोड़ा है, मुझे आप सभी के बीच रहने में सुख मिलता है और आप ही मेरा परिवार हैं। जब जनवरी 2024 में अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन हुआ था, तब उससे पहले मैंने 11 दिनों का अनुष्ठान किया था। मैं दक्षिण भारत के अनेक मंदिरों में गया था, देवी-देवताओं से आशीर्वाद लिया था, इस चुनाव में भी मुझे वैसी ही अनुभूति हुई है जैसी अनुभूति किसी देवी दर्शन के समय होती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके पीछे बंगाल के प्रति मेरा जो लगाव रहा है, शक्ति की भक्ति रही है। मेरे व्यक्तिगत जीवन की आध्यात्मिक यात्रा का यह ऊर्जा केंद्र रहा है। बंगाल के महान व्यक्तित्वों की प्रेरणा रही है और जनता जनार्दन का अपार प्रेम रहा है। बंगाल की इस धरती पर मैंने जो अनुभव किया है, उसे मैं अपने आप पर बहुत बड़ा आशीर्वाद समझता हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की सेवा करना, बंगाल को सुरक्षित करना, बंगाल के सामने उपस्थित एक विराट चुनौती से बंगाल को बचाना ... यह मेरे भाग्य में भी है और मेरा दायित्व भी है। इस दायित्व से मैं पीछे नहीं हटूंगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अतीत में जब भारत समृद्ध था, तब उसके तीन मजबूत स्तंभ थे। अंग, बंग और कलिंग। अंग- बिहार, बंग- बंगाल, कलिंग- ओडिशा। ये तीनों स्तंभ कमजोर हुए तो भारत की सामर्थ्य को झटका लगा। आज भारत जब विकसित होने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है तो अंग, बंग और कलिंग का मजबूत होना आवश्यक है। भारत का भाग्योदय पूर्वोदय के बिना अधूरा है और भारत के भाग्योदय की सबसे बड़ी ताकत पूर्वोदय का भाग्योदय है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते समय में बिहार ने कमल खिलाया है, ओडिशा ने कमल खिलाया है और अब बंगाल की बारी है। और यहां मैं जो माहौल देख रहा हूं, बंगाल में भी कमल खिलना तय है। अंग-बंग-कलिंग... त्रिशक्ति का भरोसा भाजपा पर है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वंदे मातरम् ... गुलामी से मुक्ति का मंत्र बना था। 21वीं सदी में वंदे मातरम् को हमें बंगाल के नव-निर्माण का मंत्र बनाना है। मैं बंगाल के परिवारजनों को भरोसा दिलाता हूं। हम सुजलाम् सुफलाम् को नीति बनाएंगे। शस्यश्यामलाम् को रोजगार की प्रेरणा बनाएंगे। 
मलयज शीतलाम को सुख-समृद्धि का स्रोत बनाएंगे। दुर्गा की शक्ति को सुरक्षा और न्याय की गारंटी बनाएंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक ओर आपको रोजगार देने वाली मिलें बंद हो रही हैं, तो दूसरी ओर गुंडों को रोजगार देने वाली कच्चे बम की फैक्ट्रियां फल-फूल रही हैं। तृणकां के सिंडिकेट की दुकानों का विस्तार हो रहा है, यह है तृणकां का महाजंगलराज।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल ने दशकों तक पलायन की तकलीफ सही है। यहां रोजगार था नहीं, इसलिए बच्चे बाहर कमाने चले गए। यहां बुजुर्ग अकेले रह गए। अपने लिए ओल्ड एज होम तलाशने वाले बुजुर्गों की संख्या यहां लगातार बढ़ रही है। यह स्थिति पीड़ादायक है। इसलिए भाजपा सरकार की प्राथमिकता होगी- बंगाल के युवाओं के लिए बंगाल में रोजगार।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 4 मई के बाद बंगाल में रोजगार से जुड़े पांच काम तेजी से होंगे। पहला- बंगाल में सरकारी भर्तियां तय समय पर निकलेंगी, भर्तियां पारदर्शी तरीके से होंगी और रोजगार मेलों में युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। दूसरा- जो भी पद खाली पड़े हैं, उन्हें तेजी से भरा जाएगा। सरकारी कर्मचारियों को तृणकां के भय से मुक्त किया जाएगा। सरकारी कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का पूरा लाभ दिया जाएगा। तीसरा- क्रिएटिव अर्थव्यवस्था का विस्तार किया जाएगा। बंगाल के स्कूल-कॉलेज में कंटेंट क्रिएटर लैब बने, इस पर काम किया जाएगा।

चौथा- गांव में 125 दिन के रोजगार की गारंटी मिलेगी। यहां भाजपा सरकार गांव में रोजगार देने वाला वीबी-जी राम जी कानून लागू करेगी। साथ ही पीएम विश्वकर्मा योजना और पीएम संपदा योजना को यहां पूरी तरह लागू किया जाएगा। पांचवां- शहरों में जो स्ट्रीट वेंडर हैं, उनको पीएम स्वनिधि योजना का पूरा लाभ मिलेगा। बैंकों से मदद मिलेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं एक बार फिर सभी बहनों-बेटियों से कहने आया हूं, तृणकां ने आपके वोट का मान नहीं रखा। तृणकां ने इस महान राज्य को बेटियों के लिए असुरक्षित बना दिया है। आप जब वोट देने जाएं, तो उन गुंडों, उन मस्तानों के चेहरे याद करना, जो तृणकां के नाम पर अत्याचार करते हैं। आप कमल छाप पर वोट दीजिएगा, ताकि कानून व्यवस्था ऐसी अच्छी बने, बेटियां बिना चिंता के भी रात में बाहर निकल सकें और जिन बहनों-बेटियों के साथ अन्याय हुआ है, उनको पूरा न्याय मिल सके।

प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणकां ने कोलकाता को लंदन बनाने का वादा किया था, लेकिन 15 साल में इन्होंने कोलकाता की पहचान ही बदल दी। यहां घुसपैठियों को बसा दिया। मैं हर कोलकाता वासी से कहूंगा कि हमें मिलकर कोलकाता को कोलकाता ही बनाना है। उसकी पहचान बदले जाने से रोकना है।

About The Author: News Desk