हैदराबाद/दक्षिण भारत। तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी के कविता ने शनिवार को 'तेलंगाना राष्ट्र सेना' (टीआरएस) नाम से राजनीतिक संगठन लॉन्च किया।
कविता ने शहर के बाहरी इलाके में आयोजित एक कार्यक्रम में अपनी पार्टी के नाम की घोषणा की।
कविता को सितंबर 2025 में बीआरएस से निलंबित कर दिया गया था। यह कार्रवाई तब हुई जब उन्होंने अपने चचेरे भाइयों और पार्टी नेताओं टी हरीश राव और जे संतोष कुमार पर बीआरएस शासनकाल के दौरान निर्मित 'कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना' को लेकर, अपने पिता और बीआरएस अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव की छवि को 'धूमिल' करने का आरोप लगाया था।
कविता ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'नाम याद रखना: तेलंगाना राष्ट्र सेना। हम पीछे हटने से इन्कार करते हैं, चाहे कुछ भी हो जाए। अब समय आ गया है कि तेलंगाना की जनता अपनी बात कहे। हम अपनी आकांक्षाओं को मिटने नहीं देंगे। अगर हमारे रास्ते में आने की हिम्मत की, तो राख बन जाओगे। तुम्हारा समय समाप्त हो चुका है, अब हमारा समय है।'
अपने निलंबन के बाद से, कविता 'तेलंगाना जागृति' के बैनर तले जनहित के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं। यह एक सांस्कृतिक संगठन है जिसकी वे प्रमुख हैं। उनके पिता के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) का मूल नाम तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) था। हालांकि, साल 2022 में इसका नाम बदलकर बीआरएस कर दिया गया।