तृणकां का सूपड़ा साफ होगा, एक-एक घुसपैठिए को देश से बाहर निकालेंगे: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री ने उत्तरपारा में जनसभा को संबोधित किया

Photo: @BJP4India X account

उत्तरपारा/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के उत्तरपारा में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कल प्रथम चरण का मतदान समाप्त हो गया है। प्रथम चरण में भाजपा को 110 से ज्यादा सीटें मिलने वाली हैं।

अमित शाह ने कहा कि 5 मई को तृणकां का सूपड़ा साफ हो जाएगा, और 5 मई के बाद एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर देश से बाहर निकालेंगे। ये घुसपैठिए हमारे युवाओं की नौकरी खा रहे हैं, हमारे गरीबों का राशन खा रहे हैं और ममता दीदी ने इन घुसपैठियों को अपना वोट बैंक बनाया हुआ है।

अमित शाह ने कहा कि ममता दीदी, अब आपके जाने का समय हो गया है। साथ ही, इन घुसपैठियों के भी जाने का समय हो गया है। 

अमित शाह ने कहा कि बंगाल में माताएं-बहनें असुरक्षित हैं। ममता दीदी कहती हैं कि शाम 7 बजे के बाद महिलाएं घर से बाहर न निकलें। मैं सभी माताओं-बहनों को बताने आया हूं कि डरिए मत।

उन्होंने कहा कि 5 मई को भाजपा सरकार बनने वाली है। इसके बाद रात 2 बजे भी अगर कोई बच्ची निकलेगी तो कोई गुंडा आंख उठाकर देखने वाला नहीं है। 

अमित शाह ने कहा कि हिंदुस्तान मोटर्स का कारखाना यहां बंद हो गया। नए कारखाने आए नहीं हैं। युवाओं, आप चिंता न करें। चुनाव के बाद सारे कारखाने वापस आएंगे, जहां हमारे युवाओं को रोजगार मिलेगा।

About The Author: News Desk