राहुल गांधी के इशारों पर मोदी का लगातार अपमान करना कांग्रेस की आदत बन चुकी है: संबित पात्रा

खरगे की विवादित टिप्पणी की निंदा की

Photo: @BJP4India X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री के बारे में की गई विवादित टिप्पणी की निंदा की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग बेहद निंदनीय है। यह कांग्रेस की मानसिकता और सुनियोजित राजनीति को दर्शाता है।

संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी के इशारों पर मोदी का लगातार अपमान करना कांग्रेस की आदत बन चुकी है। राहुल गांधी के इशारे पर ही मल्लिकार्जुन खरगे ने उन्हें 'आतंकवादी' कहा। 

संबित पात्रा ने कहा कि यह वही कांग्रेस पार्टी है, जो ओसामा बिन लादेन को 'ओसामाजी' कहती है। यह वही कांग्रेस पार्टी है, जो बड़े-बड़े आतंकवादियों के साथ खड़ी नजर आती है। यह वही कांग्रेस पार्टी है, जो जाकिर नाइक को शांति का दूत कहती है।

संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस को याद रखना चाहिए- जब-जब उसने मोदी का अपमान किया है, तब-तब देश की जनता ने उसे करारा जवाब दिया है। इस बार भी भारत की जनता कांग्रेस को उसके अहंकार और अपमानजनक राजनीति का करारा जवाब देगी।

About The Author: News Desk