सालबोनी/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के सालबोनी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पश्चिमी मेदिनीपुर के महान बेटे खुदीराम बोस सबसे कम आयु के शहीद हैं, लेकिन बंगाल सरकार अपनी किताबों में उन्हें आतंकवादी बताती है। खुदीराम बोस जैसे आजादी के महान सिपाही को आतंकवादी बताने वाली सरकार चलनी चाहिए क्या? इसलिए तृणकां सरकार को बदलना बहुत जरूरी है।
अमित शाह ने कहा कि यह चुनाव किसी को विधायक या भाजपा के कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बनाने का नहीं, बल्कि पूरे बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त बनाने का चुनाव है। ममता दीदी घुसपैठियों को बचाना चाहती हैं, लेकिन मैं आपसे कहकर जाता हूं कि 23 तारीख को कमल का बटन दबा दें, 5 मई को भाजपा सरकार बना दें। बंगाल से एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर निकालने का काम भाजपा सरकार करेगी।
अमित शाह ने कहा कि सालबोनी की नदियों में से बालू चुरा लिया जाता है। आप भाजपा की सरकार बना दें, एक कंकड़ भी चुराने नहीं देंगे। ममता दीदी के शासन में बंगाल में माताएं-बहनें सुरक्षित नहीं हैं। बंगाल में ममता के घुसपैठिए गुंडों ने संदेशखाली में सालों तक हमारी बहनों का शोषण किया।
मैं आज बताता हूं- संदेशखाली हो, आरजीकर हो, दुर्गापुर मेडिकल कॉलेज हो, साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज हो ... हर महिला पर हुए अत्याचार के एक एक आरोपी को चुन-चुन कर सलाखों के पीछे डालने का काम करेंगे।
अमित शाह ने कहा कि हम सारे सरकारी कर्मचारियों को सातवां वेतन आयोग समय पर देंगे और 45 दिन के अंदर डीए देने का काम भी भाजपा की सरकार करेगी। हर युवा को उद्योग लगाने के लिए 10 लाख का लोन देने का काम भाजपा करेगी। 5 साल का 5 लाख रुपए तक का सारा इलाज का खर्चा भाजपा उठाएगी। विधवाओं, दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को हर महीने 2 हजार रुपए भाजपा की सरकार देने का काम करेगी।
अमित शाह ने कहा कि अयोध्या में जहां बाबरी मस्जिद थी, वहीं हमने राम मंदिर बनाकर जय श्रीराम कर दिया। ममता दीदी अपने चेले हुमायूं कबीर से बंगाल में बाबरी मस्जिद बनवाना चाहती हैं। ममता दीदी कान खोलकर सुन लें... बंगाल में बाबरी मस्जिद हम कभी नहीं बनने देंगे।
अमित शाह ने कहा कि अभी-अभी प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए बिल लेकर आए थे, लेकिन इस बिल को गिराने का काम ममता दीदी ने किया है। इनको सिर्फ घुसपैठिए दिखाई देते हैं। ये सिर्फ अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना चाहती हैं, लेकिन आज मैं कहकर जाता हूं कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा, बंगाल में जन्मा होगा और बंगाली बोलने वाला होगा।