तृणकां ने काम नहीं किया, सिर्फ काले कारनामे किए: प्रधानमंत्री

मोदी ने सिलीगुड़ी में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया

Photo: @BJP4India X account

सिलीगुड़ी/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दार्जिलिंग हो, सिलीगुड़ी हो, मैं पहले भी कई बार आपके दर्शन करने आया हूं। मैं जब भी आता हूं, तो आपका भरपूर प्यार और आशीर्वाद हमेशा मुझे मिलता है। इस प्यार और उत्साह से आपने मेरा दिल जीत लिया है। अब आपको बंगाल के हर एक व्यक्ति का दिल जीतना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कल मैं बंगाल के अलग-अलग क्षेत्रों में गया था। वहां जो मैंने दृश्य देखा, जो उत्साह देखा, जो उमंग, जोश, नौजवान, माताएं-बहनें और बुजुर्ग मीलों तक पैदल चलकर आए थे। यह सिद्ध करता है कि बंगाल परिवर्तन करने की ठान कर बैठा है। इस बार बंगाल से तृणकां का जाना तय है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं कभी भी देशवासियों और बंगालवासियों के इस प्यार को भूल नहीं सकता। कल रोड शो में बहुत बड़ी संख्या में दादा-दादी की उम्र के लोग आशीर्वाद दे रहे थे। ऐसा सौभाग्य शायद ही किसी को मिलता है। मैं इसके लिए इस क्षेत्र के सभी नागरिकों को प्रणाम करता हूं, उनका धन्यवाद करता हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आपका यह स्नेह, यह आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ऊर्जा और सबसे बड़ी प्रेरणा है। जब 140 करोड़ देशवासी, बंगाल का हर एक निवासी मुझे इतना प्यार दे रहा है, इतना आशीर्वाद दे रहा है। तो मैं भी आपसे वादा करता हूं कि मैं भी आपके लिए अपने आप को हर पल खपा दूंगा। जीऊंगा तो आपके लिए जियूंगा, जूझता रहूंगा, तो आपके लिए जूझता रहूंगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे पक्का विश्वास है कि आज का यह दृश्य भी तृणकां की नींद उड़ाने वाला है। सिलीगुड़ी की यह रैली तृणकां के महाजंगलराज की दीवार गिराने वाली है। यह आपने तय कर लिया है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणकां की सरकार अपने 15 साल पूरे कर चुकी है। 15 साल में बर्बादी आपने देखी है। मैं यहां काफी नौजवानों को देख रहा हूं। इनमें से अधिकांश साथी 15 साल पहले शायद पहली कक्षा में पढ़ते होंगे और इस चुनाव में आप बंगाल का भविष्य तय करने जा रहे हैं, आप वोट करने जा रहे हैं। ये किसी के भी काम और करतूतों के मूल्यांकन का बहुत बड़ा समय होता है, लेकिन तृणकां ने काम नहीं किया, सिर्फ और सिर्फ काले कारनामे किए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सिलीगुड़ी नॉर्थ बंगाल का गेटवे है, लेकिन तृणकां ने नॉर्थ बंगाल के इंफ्रास्ट्रक्चर को जान-बूझकर पीछे रखा। आपको कनेक्टिविटी हो, इंडस्ट्री हो, टूरिज्म हो, हर सेक्टर में उपेक्षा ही मिली। केंद्र सरकार ने जो पैसा भेजा, वो भी ये सिंडिकेट वाले ही हजम कर गए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नॉर्थ बंगाल से भेदभाव का उदाहरण तृणकां की निर्मम सरकार का बजट भी है। निर्मम सरकार ने, मदरसों के लिए करीब 6 हज़ार करोड़ रु. का बजट दिया, लेकिन इतने बड़े नॉर्थ बंगाल के विकास के लिए बंगाल सरकार पर्याप्त बजट नहीं देती। तृणकां सिर्फ अपने खास वोटबैंक के तुष्टीकरण में लगी हुई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता तृणकां सरकार से पल-पल का, पाई-पाई का हिसाब मांग रही है। तृणकां वालों, कान खोलकर सुन लो, 4 मई के बाद भाजपा सरकार बनेगी और 15 साल का पल-पल का, पाई-पाई का हिसाब देना पड़ेगा।

About The Author: News Desk