कोलकाता/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कोलकाता में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह संकल्प पत्र बंगाल के हर तबके में व्याप्त गहरी निराशा से बाहर निकलने का एक मार्ग है। यह संकल्प पत्र कृषि के संकट और विभिन्न आशंकाओं से घिरे किसानों को एक नया मार्ग दिखाएगा। बेरोजगार युवाओं और भय से त्रस्त महिलाओं को भी नया रास्ता दिखाएगा। बंगाल संस्कृति के गौरव की अनुभूति करने वाले हर नागरिक को नई आशा और नया भरोसा देगा।
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन के तहत यह विकसित भारत का रोडमैप भी बंगाल की जनता के सामने रखेगा। कम्युनिस्ट सरकार से छुटकारा पाने के लिए बंगाल ने ममता बनर्जी को चुना। उन्होंने कहा कि पांच साल का समय काफ़ी नहीं है, इसलिए उन्हें एक और मौका दिया गया, लेकिन सिंडिकेट, गुंडाराज और घुसपैठियों के बावजूद, उन्होंने तीसरी बार भी सत्ता हासिल कर ली।
आज, वही नागरिक जिन्होंने कभी ममता का समर्थन किया था, वे डरे हुए और निराश महसूस कर रहे हैं, और अब बदलाव की तलाश में हैं। पिछले 10 वर्षों में, हमने खुद को एक मज़बूत विपक्ष के रूप में स्थापित किया है।
अमित शाह ने कहा कि हमने लोगों के सामने अपनी चार्जशीट भी पेश की। उस चार्जशीट ने उस गहरी निराशा को उजागर किया, जिसका सामना बंगाल को ममता बनर्जी के 15 वर्षों के शासनकाल में करना पड़ा है। भाजपा का 'संकल्प पत्र' इस बात का रोडमैप है कि पार्टी किस तरह एक 'विकसित बंगाल' का निर्माण करेगी।
अमित शाह ने कहा कि विगत 10 वर्षों में भाजपा ने यहां एक रचनात्मक विपक्ष के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। आज बंगाल की विधानसभा में हम मुख्य विपक्षी दल के रूप में कार्य कर रहे हैं। इन्हीं 10 वर्षों में, पूरे देश में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लोकाभिमुख शासन कैसे हो सकता है, इसका एक उत्कृष्ट उदाहरण भी स्थापित किया गया है।
अमित शाह ने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी और द्वारका से कामाख्या तक फैले पूरे देश में हर तबके, हर धर्म, हर जाति की आकांक्षाओं को संजोकर एक मजबूत, सुरक्षित, शिक्षित और विकसित भारत का स्वप्न मोदी ने जनता के सामने रखा है और इसे पूरा करने के लिए बीते 12 वर्षों में प्रयास भी किए हैं।
अमित शाह ने कहा कि तृणकां का 15 साल का शासन पश्चिम बंगाल के लिए हर प्रकार के संकट का परिचायक रहा है। इस संकल्प पत्र के आधार पर चलने वाले भाजपा के अगले पांच साल बंगाल के विकास का रास्ता खोलेंगे। जहां मन भयमुक्त हो और सिर गर्व से ऊंचा हो, गुरुवर टैगोर की कल्पना को हम निश्चित रूप से जमीन पर उतारने का प्रयास करेंगे।
अमित शाह ने कहा कि बंगाल की जनता के मन में भय है कि अगर घुसपैठ इसी प्रकार चलती रही, तो बंगाल का अस्तित्व नहीं बचेगा। मैं पश्चिम बंगाल की जनता को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि एक बार बंगाल में भाजपा की सरकार बनाइए, हम चुन-चुन कर एक-एक घुसपैठिए को बंगाल से बाहर निकालने का काम करेंगे। हम बंगाल और देश को सुरक्षित करेंगे।
अमित शाह ने कहा कि सभी सरकारी कर्मचारियों और वेतनभोगियों के लिए डीए सुनिश्चित किया जाएगा और 45 दिनों के भीतर ही सातवें वेतन आयोग को लागू कर सभी कर्मचारियों का सम्मान नई बनने वाली भाजपा सरकार करेगी।
अमित शाह ने कहा कि आयुष्मान भारत समेत, भारत सरकार की सभी योजनाओं को हम कम्प्लीशन सर्टिफिकेट के साथ लागू करेंगे और पूरे देश की तरह पीएम मोदी के गरीब कल्याण के यज्ञ को हम बंगाल में भी शुरू करेंगे। भाजपा शासित कई राज्यों में यूसीसी लागू किया गया है। हम 6 माह के अंदर ही बंगाल में यूसीसी लागू करेंगे।