सीथानंद नगर/दक्षिण भारत। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को पुड्डुचेरी के सीथानंद नगर में मेगा रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने जनसमूह को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि जब से मोदी ने देश की बागडोर संभाली है, तब से बहुत बदलाव आया है।
जेपी नड्डा ने कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद, प्रधानमंत्री मोदी के प्रगतिशील नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था ने विकास किया है और आज एक स्थिर अर्थव्यवस्था है। यह देश को अपार शक्ति प्रदान कर रही है। उनके नेतृत्व में एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण हो रहा है।
जेपी नड्डा ने कहा कि 11 साल पहले, हम 'कमज़ोर पांच' में शामिल थे। पिछले 11 सालों में, उनके नेतृत्व में, हम 11वें स्थान से आगे बढ़कर चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं। जल्द ही, हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे।
जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था, पुड्डुचेरी का मतलब है बेस्ट। बी फॉर बिजनेस, ई फॉर एजुकेशन, एस फॉर स्प्रिचुअलिज्म, टी फॉर टूरिज्म। यही पुड्डुचेरी के विकास का मंत्र है। हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि राजग 2.0 के तहत जो सरकार बनने जा रही है, वह पुड्डुचेरी के आर्थिक विकास पर विशेष ध्यान देगी।
जेपी नड्डा ने कहा कि कृपया हर घर जाकर लोगों को बताएं कि साल में दो गैस सिलेंडर मुफ़्त दिए जाएंगे- एक पोंगल पर और दूसरा विनायक चतुर्थी पर। 12वीं कक्षा के मेधावी छात्रों को ई-स्कूटर वितरित किए जाएंगे। हम पूरे केंद्र शासित प्रदेश में 30 वॉटर एटीएम भी स्थापित करेंगे, और 10,000 छात्रों को 10,000 रुपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी।
जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस और द्रमुक की सरकारें भ्रष्टाचार और अपराधों से भरी सरकारें रही हैं, और इसका खामियाज़ा गरीबों को भुगतना पड़ा है। यह गुंडों की सरकार रही है। गुंडागर्दी अपने चरम पर थी, और ड्रग माफिया बेखौफ थे। पुड्डुचेरी की सड़कें सुरक्षित नहीं थीं। कानून-व्यवस्था की स्थिति तभी नियंत्रण में आई, जब राजग सरकार सत्ता में आई।