हैलाकांडी/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को असम के हैलाकांडी में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 9 अप्रैल को आप सभी कमल के निशान पर बटन दबाएंगे। किसी को विधायक बनाने या हिमंत बिस्वा सरमा को मुख्यमंत्री बनने के लिए वोट नहीं देना, बल्कि 9 अप्रैल को आपको भाजपा को वोट इस पूरे क्षेत्र से घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालने के लिए देना है।
अमित शाह ने कहा कि असम में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। पहली बार सरकार बनी, हमने घुसपैठ को समाप्त कर दिया, अब नए घुसपैठिए नहीं आते। त्रिपुरा और बंगाल से आते थे, त्रिपुरा में भाजपा सरकार बनी, वो भी बंद हो गया और आने वाली 5 मई को असम के साथ बंगाल में भी भाजपा सरकार बनने जा रही है। वहां से होने वाली घुसपैठ भी समाप्त हो जाएगी।
अमित शाह ने कहा कि दूसरे पांच साल हमने इनको चिह्नित करने और ढूंढ़ने में लगाए हैं। अब आने वाले पांच वर्ष हम इन घुसपैठियों को चुन-चुनकर देश से बाहर निकालने के लिए लगाएंगे। कांग्रेस ने सालों तक असम को घुसपैठ का मुख्य द्वार बनाया। असम के 9 जिले घुसपैठिया बहुल हो गए। मैं आज यहां से कहकर जाता हूं कि यह भारत की भूमि है, यहां घुसपैठियों की कोई जगह नहीं है। यह कोई धर्मशाला नहीं है। यह भारत है। भाजपा सरकार इन घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालने का काम करेगी।
अमित शाह ने कहा कि मोदी ने असम की सांस्कृतिक पहचान को विश्व में प्रसिद्ध किया है। असम के गमोसा को पूरे विश्व में फैलाया। 26 जनवरी को राष्ट्रपति ने राहुल गांधी को गमोसा ओढ़ने के लिए कहा, जो उन्होंने नहीं पहना। उन्होंने (कांग्रेस ने) लचित बोरफुकन को भी भुला दिया। हिमंत बिस्वा सरमा ने उनकी 400वीं जयंती दिल्ली में मनाकर उनकी वीरगाथा विश्वभर में पहुंचाने का काम किया।
अमित शाह ने कहा कि पूरी बराक घाटी, चाय जनजाति और आदिवासी समाज से भरी हुई है। बिहार, बंगाल और पूरे नार्थईस्ट से आए श्रमिकों ने असम और देश की समृद्धि के लिए पसीना बहाया है। साल 2014 से पहले असम के चाय बागान श्रमिकों की दिहाड़ी सिर्फ 94 रुपए थी। हमने इसे 258 तक पहुंचाया है और अगले पांच साल में हर एक चाय बागान श्रमिक को 500 रुपए दिहाड़ी मिले, यह भाजपा का संकल्प है।
अमित शाह ने कहा कि 707 चाय बागानों के साढ़े 3 लाख परिवारों को भूमि के मालिकाना हक का पट्टा देने का काम भाजपा ने किया है। पहले चरण में 20 जिलों के 106 बागानों में यह काम हो चुका है।
अमित शाह ने कहा कि मोदी ने तीन तलाक समाप्त किया, कांग्रेस पार्टी इसका विरोध कर रही थी। हम यूसीसी ला रहे हैं, इसका भी वे विरोध कर रहे हैं। यूनिफॉर्म सिविल कोड का मतलब है कि कोई चार शादी नहीं कर सकता। आप सभी 5 तारीख को कमल फूल की सरकार बना दें। असम में भी यूसीसी लेकर आएंगे, कोई चार शादी नहीं कर पाएगा।
अमित शाह ने कहा कि अभी असम के किसानों को सालाना 6,000 रु. मिलते हैं। आप एक बार और भाजपा सरकार बना दें। हम 6,000 रु. की जगह 11,000 रु. देंगे। 10,000 रु. किसानों को ट्रैक्टर की खरीद के लिए सब्सिडी देंगे। धान, मक्का और सरसों सारा एमएसपी पर खरीदा जाएगा।