नई दिल्ली/दक्षिण भारत। एक नकाबपोश व्यक्ति द्वारा चलाई जा रही कार दिल्ली विधानसभा परिसर के सीमा द्वारों में से एक को तोड़कर अंदर घुस गई, जिससे सोमवार दोपहर सुरक्षा को लेकर हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि उप्र रजिस्ट्रेशन नंबर वाली कार दोपहर करीब 2 बजे द्वारा नंबर 2 को तोड़कर विधानसभा परिसर में घुस गई।
दिल्ली सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया, 'ड्राइवर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ा और बरामदे के पास फूलों का गुलदस्ता रखकर वापस लौट गया।'
उन्होंने कहा कि इस घटना ने सुरक्षा से जुड़ी गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं, और अधिकारी इसे एक संभावित सुरक्षा उल्लंघन के तौर पर देख रहे हैं।
यह घटना हाल ही में संपन्न हुए बजट सत्र के दौरान विधानसभा को मिली बम की धमकियों के ठीक बाद सामने आई हैं।
ड्राइवर और 2 अन्य गिरफ्तार
ताजा रिपोर्टों के अनुसार, दिल्ली विधानसभा परिसर में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने ड्राइवर और दो अन्य लोगों को गिरफ़्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी इस घटना के तौर-तरीक़ों और इसके पीछे इरादों की जांच कर रहे हैं। विधानसभा से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है।