मंगलदोई/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को असम के मंगलदोई में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि असम में 10 वर्षों तक पहले की सरकारों के शासनकाल में इस राज्य की चर्चा केवल हिंसा, अशांति और तनाव के लिए होती थी। आज असम बदल चुका है। अब असम की चर्चा नई संभावनाओं के लिए, नई उड़ान के लिए होती है।
नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस ने असम के मूल निवासियों की जमीन छीनकर घुसपैठियों को सौंप दी, लेकिन आज भाजपा सरकार ने एक लाख एकड़ से अधिक भूमि यहां के मूल वासियों को वापस लौटाई है। मैं इसकी सराहना करता हूं और असम के मुख्यमंत्री को हार्दिक बधाई देता हूं।
नितिन नवीन ने कहा कि जब नेतृत्व सक्षम हो, नीतियां सुदृढ़ हों और नीयत नेक हो, तो हर निर्णय से लोगों को सीधे तौर पर लाभ होता है। वहीं, दूसरी ओर हमारे पास राहुल गांधी हैं, एक पार्ट-टाइम राजनेता। वे केवल चुनावों के दौरान नज़र आते हैं। जैसे ही चुनाव खत्म होते हैं, वे विदेश में छुट्टी मनाने चले जाते हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि पिछले 6 चुनाव से असम की जनता लगातार भाजपा को प्रचंड जीत दे रही है। चाहे वो लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा चुनाव हो। इस तरह, इस बार जीत का छक्का लगने वाला है।
नितिन नवीन ने कहा कि 10 वर्ष पूर्व के असम में केवल हिंसा, आंदोलन का दौर था और यहां के लोगों को अपमानित होना पड़ता था। उन सबसे असम के लोगों को बाहर निकालकर विकास के साथ, विरासत के साथ और सम्मान के साथ आगे बढ़ाने का काम हमारी सरकार कर रही है।
नितिन नवीन ने कहा कि आज असम में रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। कानून व्यवस्था के साथ सरकार चल रही है, जिससे बेटी भी सुरक्षित रहे और माटी भी सुरक्षित रहे। हम विकसित और सुरक्षित असम के सपनों को साकार कर रहे हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि लोग कहते हैं कि भाजपा की नीति और नीयत दोनों स्पष्ट है, और यह सच भी है। जब नेतृत्व सक्षम हो, नीति सही हो और नीयत साफ हो, तो हर निर्णय का लाभ सीधे जनता तक पहुंचता है।
नितिन नवीन ने कहा कि हाल में प्रधानमंत्री असम आए थे, चाय बागान में गए और वहां के श्रमिकों के साथ समय बिताया था। उन्हें देखकर ऐसा लग रहा था कि असम के लोगों के साथ उनका पारिवारिक संबंध है। इसके लिए दिल बड़ा होना चाहिए। प्रधानमंत्री जब भी किसी से मिलते हैं, वे उसी के हो जाते हैं, क्योंकि लोगों के साथ उनका स्नेह और संबंध स्थापित होता है।