कांग्रेस ने असम को घुसपैठियों का अड्डा बनाया: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री ने असम के गोलपारा में जनसभा को संबोधित किया

Photo: @BJP4India X account

गोलपारा/दक्षिण भारत। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को असम के गोलपारा में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह मिनी असम है, जनजातियों का प्रदेश है। यह राभा, बोडो, हजोंग, बनाई और चाय बागानों से बना प्रदेश है।

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस यहां आकर चुनाव लड़ती है, लेकिन इन्होंने कभी जनजातियों के कल्याण की बात नहीं की। 75 साल हो गए थे, मगर कभी किसी भी आदिवासी महिला को उन्होंने राष्ट्रपति नहीं बनाया, मगर हमारे नेता नरेंद्र मोदी ने हमारी बहन द्रौपदी मुर्मू को महामहिम राष्ट्रपति बनाने का काम किया।

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के समय साल 2013 तक आदिवासी समाज के विकास का बजट 25 हजार करोड़ रुपए था, लेकिन मोदी ने इसको बढ़ाकर 1 लाख 38 हजार करोड़ रुपए करने का काम किया।

अमित शाह ने कहा कि देशभर के आदिवासी समाज की, जनजातियों की कला, संस्कृति, खानपान, वेशभूषा, संगीत और उनके नृत्य को विश्वभर में बढ़ाने का काम मोदी ने किया है।

अमित शाह ने कहा कि दूधनोई नदी को दूध की नदी कहा जाता था, इसलिए इसका यह नाम पड़ा, लेकिन यहां एक भी डेयरी नहीं है। आप यहां भाजपा-राजग सरकार बनाइए, असम के हर जिले में एक बहुत बड़ी डेयरी और हर ट्राइब के घर में एक गाय और एक भैंस देने का काम हम करेंगे।

अमित शाह ने कहा कि घुसपैठिए गांव की भोली-भाली महिलाओं को अपने जाल में फंसाते हैं, उनसे शादी कर लेते हैं। ये घुसपैठिए काउंसिल चुनावों पर कब्ज़ा करना चाहते हैं। कांग्रेस ने असम को घुसपैठियों के हवाले किया। अगर उनकी सरकार फिर से आती है तो वे घुसपैठियों को आने की इजाज़त दे देंगे। अब एक बार फिर, तीसरी बार, भाजपाकी सरकार बनाइए। अगली बार जब मैं आऊंगा, तो हम घुसपैठियों को वापस भेज देंगे।

अमित शाह ने कहा कि असम के युवाओं की मौत पर कांग्रेस ने राजनीतिक रोटियां सेंकीं। हमने असम में कई समझौते किए और 10 हजार युवाओं को हथियार डालकर मुख्यधारा में लाने का काम किया।

अमित शाह ने कहा कि अगर गलती से एक भी कांग्रेसी गोलपारा में जीत गया, तो यहां फिर से अशांति आ जाएगी। इन्होंने कभी भी असम की संस्कृति के लिए कोई भी काम नहीं किया। हमने बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्मा की मूर्ति मेरे हाथ से दिल्ली में लगाने का काम किया। लचित बोरफुकन की 85 फुट ऊंची भव्य प्रतिमा मोदी ने स्थापित की। 

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने असम को घुसपैठियों का अड्डा बनाया। हमने सारे घुसपैठियों को चिह्नित कर लिया है। आप हमें पांच साल दे दीजिए, चिह्नित घुसपैठियों को हम चुन-चुनकर निकाल देंगे।

About The Author: News Desk