कुथुपरम्बा/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने केरलम के कुथुपरम्बा में रोड शो किया। इस अवसर पर उन्होंने जनसमूह को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि आज मुझे अपने रोडशो में आपके साथ शामिल होने का सौभाग्य मिला। मुझे पूरा विश्वास है कि कमल को खिलने से कोई नहीं रोक सकता। इसका खिलना तय है, जो भाजपा की निश्चित जीत का प्रतीक है।
नितिन नवीन ने कहा कि इस बार यहां कमल को खिलाना है। हमने विकसित केरलम का घोषणापत्र जारी किया है। मैं आज आपसे वादा करके जाता हूं कि विकसित केरलम के सपने को हम लोग जल्द पूरा करेंगे। यह मोदी की गारंटी है।
नितिन नवीन ने कहा कि हमें एलडीएफ और यूडीएफ, दोनों को हराना होगा, जो 'मैच-फिक्सिंग' वाली राजनीति करके जनता को धोखा देते हैं। दिल्ली में तो वे एक होकर रहते हैं, लेकिन यहां केरल में वे एक-दूसरे के विरोधी होने का दिखावा करते हैं। हमें उनकी इन चालों का पर्दाफ़ाश करना होगा और भाजपा की जीत सुनिश्चित करनी होगी।
नितिन नवीन ने कहा कि सबरीमाला के मुद्दे पर कांग्रेस और एलडीएफ द्वारा खेले जा रहे राजनीतिक दांव-पेचों का सीधे तौर पर सामना किया जाना चाहिए। हम यह स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि सबरीमाला में हुईं गड़बड़ियों के लिए जो भी लोग ज़िम्मेदार हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। एक समय-सीमा के भीतर होने वाली सीबीआई जांच यह सुनिश्चित करेगी कि दोषियों को सज़ा मिले और उन्हें उनके कृत्यों के लिए जवाबदेह ठहराया जाए।
नितिन नवीन ने कहा कि केरल की महिलाओं ने पूरे देश में नर्सिंग के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है। दुर्भाग्य से, उन्हें अपने ही राज्य में काम करने के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाए हैं। हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि उन्हें केरल में ही रोज़गार के अवसर उपलब्ध हों।