केरलम: राजग ने घोषणापत्र जारी किया, मुफ़्त एलपीजी सिलेंडर समेत ये चीजें देने का वादा

राज्य में पूजा स्थलों की सुरक्षा का वादा किया

Photo: BJP4Keralam FB Page

तिरुवनंतपुरम/दक्षिण भारत। भाजपा के नेतृत्व वाले राजग ने मंगलवार को केरलम विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया। इसमें ज़रूरतमंद महिलाओं और 70 साल से ज़्यादा उम्र के लोगों के लिए आर्थिक मदद, गरीब परिवारों को हर साल दो मुफ़्त एलपीजी सिलेंडर, केरल के लिए एक एम्स और राज्य में पूजा स्थलों की सुरक्षा का वादा किया गया है।

राजग के एक कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा जारी किए गए घोषणापत्र में, राज्य की राजधानी को कन्नूर से जोड़ने वाले एक हाई-स्पीड रेलवे नेटवर्क, हर घर के लिए 20,000 लीटर मुफ़्त पानी और मुल्लापेरियार बांध के संबंध में तमिलनाडु के लिए पानी और केरल के लिए सुरक्षा' का भी वादा किया गया है।

घोषणापत्र में कहा गया है कि गरीब और बीपीएल परिवारों की हर महिला को 'भक्ष्य आरोग्य सुरक्षा कार्ड' दिया जाएगा, जिसमें हर महीने 2,500 रुपए का रिचार्ज होगा। इस कार्ड का इस्तेमाल वे दवा दुकानों और किराना स्टोर पर कर सकेंगी।

इसके अलावा, इसमें कहा गया है कि गरीब परिवारों की महिला मुखियाओं, विधवाओं और 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को प्रति माह 3,000 रुपए की कल्याण पेंशन दी जाएगी।

इसके अलावा, घोषणापत्र में कहा गया है कि गरीब परिवारों को हर साल दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे, एक ओणम के अवसर पर और एक क्रिसमस के मौके पर।

इसमें आगे कहा गया है कि 'हम सबरीमाला, गुरुवायूर और पूजा के अन्य सभी स्थलों की रक्षा करेंगे, जिसके लिए हम देवस्वम बोर्डों का पुनर्गठन करेंगे, ताकि मंदिर प्रबंधन में श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ाई जा सके।'

राजग के घोषणापत्र में कहा गया है कि वह सबरीमाला स्वर्ण चोरी मामले में समय-सीमा के भीतर सीबीआई जांच के ज़रिए भ्रष्टाचार को भी समाप्त करेगा।

इसने पहाड़ी पर स्थित इस तीर्थस्थल पर बड़े पैमाने पर श्रद्धालुओं पर केंद्रित बुनियादी ढांचे के विकास के लिए एक 'सबरीमाला इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट मिशन' शुरू करने का भी वादा किया।

About The Author: News Desk