वॉशिंगटन/दक्षिण भारत। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, अरबपति एलन मस्क इस सप्ताह की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई फोन कॉल में शामिल हुए थे।
ट्रंप ने मंगलवार को मोदी को फ़ोन करके ईरान के साथ युद्ध पर चर्चा की थी। 28 फरवरी को इज़राइल और अमेरिका द्वारा ईरान पर सैन्य हमले शुरू किए जाने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली बातचीत थी।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने कुछ अनाम अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि मंगलवार को एलन मस्क ने राष्ट्रपति ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक फ़ोन कॉल में हिस्सा लिया; युद्ध जैसे संकट के दौरान दो राष्ट्राध्यक्षों के बीच होने वाली बातचीत में किसी आम नागरिक की यह मौजूदगी एक असामान्य घटना थी।
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने एक बयान में कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप के प्रधानमंत्री मोदी के साथ बहुत अच्छे संबंध हैं और यह एक सार्थक बातचीत थी।'
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि एलन मस्क को शामिल किया जाना, जिसकी पुष्टि दो अमेरिकी अधिकारियों ने की है, यह संकेत देता है कि दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति के राष्ट्रपति के साथ संबंध फिर से बेहतर हो गए हैं।
पिछले साल ट्रंप और मस्क के बीच तब अनबन हो गई थी, जब इस अरबपति ने सरकार छोड़ दी थी। उन्हें कर्मचारियों की संख्या में कटौती करने का काम सौंपा गया था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यह स्पष्ट नहीं है कि मस्क इस कॉल पर क्यों थे, या उन्होंने बात की भी थी या नहीं?