'लॉकडाउन के कयास कोरी अफवाह, ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं'

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री ह​रदीप सिंह पुरी ने कहा ...

Photo: @HardeepSPuri X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। सोशल मीडिया पर देश में ईंधन की किल्लत और लॉकडाउन संबंधी अफवाहों पर केंद्र सरकार ने जवाब दिया है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री ह​रदीप सिंह पुरी ने कहा कि वैश्विक स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है, और हम ऊर्जा, सप्लाई चेन और ज़रूरी वस्तुओं से जुड़े हालात पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं।

ह​रदीप सिंह पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि देश में ईंधन, ऊर्जा और अन्य आवश्यक चीज़ों की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी रहे। हर संभावित चुनौती से निपटने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं।

ह​रदीप सिंह पुरी ने कहा कि भारत ने पहले भी वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच अपनी मज़बूती दिखाई है, और आगे भी हम समय पर, सक्रिय और समन्वित तरीके से कदम उठाते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि लॉकडाउन को लेकर फैल रहीं अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूँ कि सरकार के स्तर पर ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसे समय में ज़रूरी है कि हम सभी शांत, ज़िम्मेदार और एकजुट रहें। इस तरह की स्थिति में अफवाह फैलाना और बेवजह डर का माहौल बनाना गैर-जिम्मेदाराना और हानिकारक है।

About The Author: News Desk