कांग्रेस ने उठाया ईंधन का मुद्दा- 'आत्मनिर्भरता का मंत्र दिया ... कहानी तो और भी धुंधली है!'

केंद्र सरकार की आलोचना की

Photo: IndianNationalCongress FB Page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कांग्रेस ने शुक्रवार को केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि साल 2014-15 से 2024-25 के बीच भारत की कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता 84 प्रतिशत से बढ़कर 90 प्रतिशत हो गई।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कहा कि साल 2014-15 से 2024-25 के बीच भारत की एलपीजी आयात पर निर्भरता 46 प्रतिशत से बढ़कर 62 प्रतिशत हो गई।

उन्होंने कहा कि यह सब तब हुआ, जब आत्मनिर्भरता का मंत्र दिया जा रहा था। प्राकृतिक गैस की कहानी तो और भी धुंधली है।

जयराम रमेश ने कहा कि 26 जून, 2005 को गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री ने यह डींग हांकी थी कि गुजरात स्टेट पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (जीएसपीसी) ने कृष्णा-गोदावरी बेसिन के गहरे समुद्री क्षेत्र में भारत का सबसे बड़ा गैस भंडार खोजा है। 

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की थी कि इससे भारत ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर हो जाएगा, लेकिन साल 2011 से 2016 के बीच कैग की 5 रिपोर्टों में बाद में सामने आया कि यह 20,000 करोड़ रुपए का घोटाला था, जिसे बाद में अगस्त 2017 में जीएसपीसी का ओएनजीसी में विलय कराकर ढक दिया गया। जिस गैस का इतना बड़ा वादा किया गया था, वह अंततः गैस ही निकली।

About The Author: News Desk