ईरान ने 39 इज़राइली 'एजेंटों' को गिरफ्तार किया!

देश के खिलाफ जासूसी करने का गंभीर आरोप

Photo: PixaBay

तेहरान/दक्षिण भारत। ईरान ने 39 इज़राइली एजेंटों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। समाचार एजेंसी तस्नीम की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी खुफिया बलों ने एक एहतियाती अभियान में आतंकवादी समूहों और इज़राइली शासन से जुड़े 39 लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर किया है। इस तरह दुश्मन को एक और निर्णायक झटका दिया गया है।

ईरानी खुफिया मंत्रालय के जनसंपर्क विभाग ने राष्ट्र के नाम एक बयान में इस कार्रवाई की घोषणा की। उसने कहा, 'खुफिया संगठन के गुमनाम सैनिकों द्वारा की गई एक सक्रिय कार्रवाई में, अमेरिकी-ज़ायोनी दुश्मन और आतंकवादी समूहों के ऑपरेशनल नेटवर्क से जुड़े 39 तत्त्वों की पहचान की गई और उन्हें हिरासत में लिया गया।'

इसमें कहा गया कि हिरासत में लिए गए लोगों में से 27 सदस्य दो आतंकवादी समूहों से जुड़े थे, और एक संदिग्ध व्यक्ति सिस्तान और बलोचिस्तान प्रांत में एक ऑपरेशनल सेल स्थापित करने की कोशिश कर रहा था। वह पकड़े जाने से पहले, अभी ज़ब्त किए जा चुके हथियारों का इस्तेमाल करके अशांति फैलाने की फिराक में था।

अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने 49 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस, दो कलाश्निकोव राइफलें, 16 हैंडगन, 50 मैगज़ीन और 1,500 से ज़्यादा राउंड गोला-बारूद ज़ब्त किया है। उन्होंने टेज़र, आंसू गैस, मोलोटोव कॉकटेल और बम बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, साथ ही सात स्टारलिंक डिवाइस ज़ब्त करने की भी जानकारी दी।

इस बीच, ईरानी मंत्रालय ने कहा कि गिरफ़्तार किए गए दो व्यक्ति ज़ायोनी भाड़े के सैनिक थे, जो ऑनलाइन सक्रिय थे और ज़ायोनियों के पक्ष में तथा ईरान के विरुद्ध मनोवैज्ञानिक अस्थिरता फैलाने का काम सौंपा गया था।

इसमें कहा गया कि अन्य संदिग्ध लोग सुरक्षा बलों और उनकी तैनाती से जुड़ा लोकेशन डेटा दुश्मन नेटवर्क को मुहैया करा रहे थे, जिसमें 'इंटरनेशनल' से जुड़ा एक जासूसी नेटवर्क भी शामिल था।

About The Author: News Desk