वॉशिंगटन/दक्षिण भारत। ईरान के साथ अमेरिका-इज़राइल के युद्ध के बीच बड़ी खबर आ रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर यह जानकारी दी है, जिससे युद्ध बंद होने की कुछ उम्मीद जगी है।
ट्रंप ने कहा, 'मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पिछले दो दिनों में, अमेरिका और ईरान के बीच मध्य पूर्व में हमारी शत्रुता के पूर्ण और समग्र समाधान को लेकर बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत हुई है।'
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'इन गहन, विस्तृत और रचनात्मक बातचीत की प्रकृति और लहजे के आधार पर - जो पूरे सप्ताह जारी रहेंगी - मैंने 'युद्ध विभाग' को निर्देश दिया है कि वे ईरान के बिजली संयंत्रों और ऊर्जा बुनियादी ढांचे के खिलाफ किसी भी और सभी सैन्य हमलों को पांच दिनों की अवधि के लिए स्थगित कर दें।'
उन्होंने कहा, 'यह फैसला जारी बैठकों और चर्चाओं की सफलता पर निर्भर करेगा। इस मामले पर अपना ध्यान देने के लिए आपका धन्यवाद।'
दूसरी ओर ईरान और इज़राइल के बीच भिड़ंत जारी है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इज़राइल ने ईरान पर लगभग 50 लड़ाकू विमानों से हमला किया है। राजधानी तेहरान में कई जगह धमाके सुने गए हैं। ईरान भी इन हमलों का जवाब देने की कोशिश कर रहा है। उसने इज़राइल की ओर मिसाइलें दागी हैं।