ईरानी समाचार एजेंसी का दावा- 'इज़राइल में कम से कम 1,281 लोगों की मौत हुई'

इज़राइल ने इस दावे पर नहीं दी कोई प्रतिक्रिया

Photo: Netanyahu FB Page

तेहरान/दक्षिण भारत। ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम की हिब्रू वेबसाइट ने दावा किया है कि इज़राइल में मृतकों की संख्या 1,280 लोगों से ज़्यादा हो गई है।

तस्नीम के हिब्रू समूह ने कई इज़राइली कब्रिस्तानों से संबंधित डेटा के आधार पर यह दावा किया है। इनमें यरुशलम में हर हामेनुचोट कब्रिस्तान, पेटा टिकवा में यार्कोन कब्रिस्तान, होलोन में होलोन कब्रिस्तान, पेटा टिकवा में सेगुला कब्रिस्तान, तेल अवीव में किर्यत शॉल कब्रिस्तान, यरुशलम में हर हाज़ितिम कब्रिस्तान, हाइफ़ा में हाइफ़ा कब्रिस्तान, गिवतायिम में नाहलत यित्ज़ाक कब्रिस्तान, रेहोवोट में रेहोवोट कब्रिस्तान और अशदोद में अशदोद कब्रिस्तान को शामिल किया गया है।

समाचार एजेंसी के अनुसार, उसने तेल अवीव, यरुशलम, हाइफ़ा, पेताह टिकवा और रिशोन लेज़ियन में 'चेवरा कदिशा' संगठनों में हुई मौतों का भी जायज़ा लिया है। साथ ही, ज़ाका या आपदा पीड़ित पहचान टीमों की गतिविधियों से जुड़े डेटा का भी अध्ययन किया है। इन सब के आधार पर वह इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि इज़राइल में युद्ध के कारण मृतकों की संख्या कम से कम 1,281 है।

इज़राइल में दफ़नाने संबंधी मामलों के लिए चेवरा कदिशा ज़िम्मेदार संगठन है। 

समाचार एजेंसी ने कहा कि इज़राइल में कब्रिस्तानों के डेटाबेस से संबंधित आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि आम दिनों में मौतों की औसत संख्या लगभग 150 होती है। हालांकि, पिछले 21 दिनों में रोज़ाना औसतन 61 अतिरिक्त मौतें हुई हैं, जिससे इन दिनों दफनाए जाने वाले लोगों की औसत संख्या बढ़कर कम से कम 211 प्रतिदिन हो गई है।

इसलिए, यदि न्यूनतम हताहतों का अनुमान औसतन 61 व्यक्ति प्रतिदिन लगाया जाता है, तो 21 दिनों की अवधि में कुल 1,281 मौतों का अनुमान लगाया जा सकता है।

ज़ाका बचाव टीमों की गतिविधियों से जुड़े आंकड़े भी 703 मामलों का संकेत देते हैं। समाचार एजेंसी ने कहा कि ज़ाका नियमित आपातकालीन सेवाओं के विपरीत, जो घायलों को ले जाने के लिए एंबुलेंस का उपयोग करती है, विशेष रूप से मृतकों के लिए है। इस स्तर की गतिविधि 1,281 के आंकड़े को और अधिक पुष्ट करती है।

ज़ाका की टीमें इज़राइल में एक स्वयंसेवी बचाव संगठन का हिस्सा हैं, जो मौत और गंभीर घटनाओं के स्थलों पर काम करती हैं। इस विश्लेषण में, अराद और डिमोना में मृतकों से संबंधित आंकड़ों को अभी तक शामिल नहीं किया गया है।

About The Author: News Desk