नई दिल्ली/चेन्नई/दक्षिण भारत। अन्नाद्रमुक, भाजपा और राजग के अन्य घटक दलों के साथ 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप देगी और चार दिनों के भीतर उन्हें आवंटित सीटों की औपचारिक घोषणा करेगी। पार्टी के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
बातचीत में किसी भी तरह की अड़चन से इन्कार करते हुए, पलानीस्वामी, जिन्होंने गुरुवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की थी, ने कहा कि बातचीत सुचारु रूप से चली और इसका सौहार्दपूर्ण समाधान निकल आएगा।
अन्नाद्रमुक बहु-दलीय राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेतृत्व करती है, जिसके घटक दलों में भाजपा, एएमएमके और पीएमके शामिल हैं।
चेन्नई रवाना होने से पहले राष्ट्रीय राजधानी में पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा, 'आपको चार दिनों में सबकुछ पता चल जाएगा। हम उन निर्वाचन क्षेत्रों को अंतिम रूप देंगे और उनकी घोषणा करेंगे जो आवंटित किए गए हैं। यहां (बातचीत) द्रमुक गठबंधन जैसी नहीं है। यहां सब कुछ सुचारु और एकदम सही होगा ... हमारा उद्देश्य अपने सहयोगियों को वे सीटें आवंटित करना है जहां उनके जीतने की प्रबल संभावनाएं हों।'
उन्होंने कहा कि भाजपा तमिलनाडु के प्रभारी पीयूष गोयल बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए शनिवार को राज्य का दौरा करेंगे।
उन्होंने कहा कि गुरुवार रात शाह के साथ उनकी मुलाक़ात सौहार्दपूर्ण रही और उन्होंने तमिलनाडु के राजनीतिक हालात पर चर्चा की। पलानीस्वामी ने विजय के नेतृत्व वाली टीवीके के साथ गठबंधन की बातचीत को मीडिया की अटकलें बताकर खारिज कर दिया और कहा, "अन्नाद्रमुक के महासचिव के तौर पर मैं लगातार यही कहता रहा हूं कि हमने टीवीके के साथ कोई बातचीत नहीं की है। आप लोग बार-बार यह मुद्दा क्यों उठाते रहते हैं?' यह पूछे जाने पर कि क्या कोई और पार्टी राजग में शामिल होगी, पलानीस्वामी ने कहा कि इसकी कोई संभावना नहीं है, क्योंकि गठबंधन पक्का हो चुका है।