बेंगलूरु/दक्षिण भारत। बेंगलूरु के केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे ने कनेक्टिंग यात्राओं को सुगम बनाने के लिए 'कनेक्शन्स बाइ बीएलआर’ सुविधा शुरू की है। स्थानांतरण प्रक्रिया के दौरान आने वाली आम चुनौतियों को दूर करने के उद्देश्य से डिज़ाइन की गई यह सेवा एक सरल, कुशल और बेहतर अनुभव देगी।
एयरलाइंस और अन्य साझेदारों के सहयोग से शुरू की जाने वाली 'कनेक्शन्स बाइ बीएलआर' सेवा हवाईअड्डे के विभिन्न टर्मिनलों के बीच यात्रियों के आवागमन को सरल बनाएगी। यह पहल बेंगलूरु हवाईअड्डे के बुनियादी ढांचे और बढ़ते यात्री आवागमन को और मजबूत करेगी। इससे हवाईअड्डे को एक प्रमुख परिवहन केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
मिल रहीं ये सुविधाएं
यात्रियों की मदद के लिए विभिन्न टर्मिनलों पर अलग से 'स्थानांतरण डेस्क' स्थापित की गई हैं। आसानी से पहचान में आने वाले नीले और पीले साइन पोस्ट लगाए गए हैं। सुगम यात्रा के लिए हवाईअड्डे पर अलग-अलग स्थानांतरण क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं। टर्मिनलों के बीच कम से कम प्रतीक्षा समय के साथ यात्रा करने के लिए एक मुफ्त शटल बस सुविधा दी जा रही है। यात्रियों के आराम करने के लिए विभिन्न प्रकार के लाउंज उपलब्ध हैं।
स्थानांतरण क्षेत्रों के भीतर ही विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए खरीदारी और विभिन्न प्रकार के खाद्य प्रतिष्ठान मौजूद हैं। अल्पकालिक विश्राम के लिए अत्याधुनिक स्लीपिंग पॉड्स की सुविधा उपलब्ध है। टर्मिनल टी1 और टी2 पर लंबी अवधि के प्रवास के लिए सुसज्जित बुटीक कमरों वाली ट्रांजिट होटल सुविधा है।
क्षेत्र का सबसे पसंदीदा ट्रांसफर हब
बेंगलूरु हवाईअड्डे पर अंतरराष्ट्रीय ट्रांसफर यात्रियों की संख्या में सालाना 30 प्रतिशत से ज्यादा की वृद्धि हुई है, जो बढ़ती मांग और दीर्घकालिक विकास क्षमता को दर्शाती है। कुल यात्री यातायात में ट्रांसफर यात्रियों की हिस्सेदारी वर्तमान में लगभग 15 प्रतिशत है और साल 2026 तक इसके बढ़कर 20 प्रतिशत होने की उम्मीद है।
सुगम ट्रांसफर सुविधाएं यात्रियों और एयरलाइंस की नेटवर्क योजना के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण हैं। यह वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा, वेस्ट क्रॉस टैक्सीवे, टर्मिनल 1 के नवीनीकरण और टर्मिनल 2 के विस्तार जैसे निरंतर बुनियादी ढांचागत विकास कार्यों के साथ इस क्षेत्र का सबसे पसंदीदा ट्रांसफर हब बनकर उभर रहा है।
विकास के अगले चरण को मिलेगी रफ्तार
बेंगलूरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के मुख्य परिचालन अधिकारी गिरीश नायर ने कहा, 'स्थानांतरण यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हमारे कनेक्टिविटी नेटवर्क की व्यापकता और आगे आने वाले रणनीतिक अवसरों को दर्शाती है। 'कनेक्शन्स बाइ बीएलआर' के जरिए, हम अधिक सुगम और विश्वसनीय स्थानांतरण यात्रा को संस्थागत रूप दे रहे हैं। इसके अलावा, हम अपनी सहयोगी एयरलाइनों के लिए अनुकूल परिचालन वातावरण को मजबूत कर रहे हैं। यह पहल हमारे नेटवर्क कनेक्टिविटी का विस्तार करने, नए यात्रियों को आकर्षित करने और बेंगलूरु हवाईअड्डे के सर्वांगीण विकास के अगले चरण को रफ्तार देने में सहायक होगी।'
114 गंतव्यों से जुड़ाव
बता दें कि केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा 114 गंतव्यों से जुड़ा हुआ है, जिनमें 80 घरेलू और 34 अंतरराष्ट्रीय शहर शामिल हैं। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद और पुणे प्रमुख घरेलू मार्ग हैं। सिंगापुर, लंदन हीथ्रो, दुबई, अबू धाबी और कुआलालंपुर प्रमुख अंतरराष्ट्रीय गंतव्य हैं। हाल में शुरू हुई घरेलू उड़ानों में हिंडन, बीदर, जैसलमेर, सिलचर और नवी मुंबई शामिल हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में दम्माम, हो ची मिन्ह सिटी, क्राबी, हनोई और रियाद शामिल हैं। अपनी रणनीतिक भौगोलिक स्थिति और बढ़ती कनेक्टिविटी के कारण, यह हवाईअड्डा एक प्रमुख वैश्विक प्रवेश द्वार के रूप में काम कर रहा है। 'कनेक्शन्स बाइ बीएलआर’ सेवा इसे एक प्रमुख स्थानांतरण केंद्र बनाने की दिशा में हुई प्रगति को और मजबूत करेगी।