तेहरान/दक्षिण भारत। इजराइल और अमेरिका द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई को लेकर कयासों का बाजार गर्म है। कहा जा रहा है कि उनसे संपर्क टूट गया है और उनके बारे में पुख्ता तौर पर कुछ भी नहीं कहा जा सकता। हालांकि ईरानी अधिकारियों ने कहा है कि जल्द ही उनका संदेश जारी किया जाएगा।
जेरूसलम पोस्ट के अनुसार, ईरान पर इज़राइली और अमेरिका के हमलों में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के कई वरिष्ठ कमांडर और राजनीतिक अधिकारी मारे गए। ईरान की सुरक्षा परिषद ने तेहरान और दूसरे बड़े शहरों के लोगों को अगली सूचना तक सुरक्षित जगहों पर रहने का निर्देश दिया है।
जेरूसलम पोस्ट ने बताया कि सुरक्षा बलों ने तेहरान इलाके में सड़कें ब्लॉक कर दीं, जहां सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और संसद के कार्यालय हैं। ईरान के सरकारी मीडिया ने पुष्टि की है कि तेहरान, क़ोम, इस्फ़हान, केरमानशाह और करज में धमाके सुने गए।
बताया जा रहा है कि खामेनेई तेहरान में नहीं हैं। उन्हें एक सुरक्षित जगह पर भेज दिया गया है। सैटेलाइट इमेजरी में उस बंकर पर कथित इज़राइली हमला दिखाया गया है, जहां खामेनेई की सुरक्षा की जा रही है।
ईरानी मीडिया ने आईआरजीसी के इंटेलिजेंस मुख्यालय को निशाना बनाकर किए गए हमलों और मध्य तेहरान में धमाकों की खबर दी है। हमलों के जवाब में ईरान ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बयान जारी कर कहा कि इस ऑपरेशन का मकसद खामेनेई शासन को हटाना है। उन्होंने कहा, 'यह ऑपरेशन बहादुर ईरानी लोगों के लिए अपनी किस्मत खुद अपने हाथों में लेने के लिए हालात बनाएगा।' उन्होंने कहा, 'ईरान में सभी वर्गों के लोगों के लिए समय आ गया है ... कि वे (शासन) से तानाशाही का बोझ हटा दें और एक आज़ाद और शांतिप्रिय ईरान लाएं।'