नई दिल्ली/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत एआई इंपैक्ट एक्सपो 2026 विचारों, नवाचार और उद्देश्य का एक शक्तिशाली संगम है। प्रधानमंत्री ने सोमवार को यहां एक्सपो का उद्घाटन किया, जिसमें 600 से अधिक उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप और 13 देशों के संस्थान शामिल थे, जिन्होंने एआई इकोसिस्टम में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, 'भारत एआई इंपैक्ट एक्सपो 2026 विचारों, नवाचार और उद्देश्य का एक शक्तिशाली संगम था। इसने वैश्विक भले के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के भविष्य को आकार देने में भारतीय प्रतिभा की असाधारण क्षमता को प्रदर्शित किया।'
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह है कि इस एक्सपो ने मानव प्रगति के लिए एआई का जिम्मेदार, समावेशी और व्यापक स्तर पर उपयोग करने के भारत के संकल्प की पुनः पुष्टि की है।
यह एक्सपो वैश्विक तकनीकी कंपनियों, स्टार्टअप्स, शैक्षणिक और शोध संस्थानों, केंद्र और राज्य सरकारों तथा अंतरराष्ट्रीय साझेदारों को एक साथ लेकर आया है।
भारत मंडपम में 70,000 से अधिक वर्ग मीटर में फैले 10 एरिना में आयोजित इस एक्सपो में वैश्विक तकनीकी कंपनियां, स्टार्टअप्स, शैक्षणिक और शोध संस्थान, केंद्रीय मंत्रालय, राज्य सरकारें और अंतरराष्ट्रीय साझेदार एक साथ आए हैं।
इस एक्सपो में 13 देशों के पवेलियन भी शामिल हैं, जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) इकोसिस्टम में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित कर रहे हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, यूके, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, स्विट्ज़रलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीका के पवेलियन शामिल हैं।
इस एक्सपो में 300 से अधिक चयनित प्रदर्शनी पवेलियन और लाइव डेमोंस्ट्रेशन आयोजित किए जा रहे हैं, जिन्हें तीन थीमैटिक चक्रों --लोग, ग्रह और प्रगति - के आधार पर संरचित किया गया है।
इसके अलावा, इस एक्सपो में 600 से अधिक उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप भी शामिल हैं, जिनमें से कई वैश्विक रूप से प्रासंगिक और जनसंख्या-स्तरीय समाधान विकसित कर रहे हैं।