बढ़ाया मदद का हाथ, राजपाल यादव को फिल्म में भूमिका की पेशकश

कहा- 'राजपाल ने भारतीय सिनेमा को बहुत कुछ दिया है'

Photo: @rajpalofficial X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। अभिनेता एवं मुक्केबाज़ विजेंदर सिंह ने कॉमेडियन राजपाल यादव को अपना समर्थन दिया और उन्हें संजय संजू सैनी के साथ अपनी आगामी फिल्म में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

विजेंदर सिंह ने अपने एक्स हैंडल पर एक नोट लिखा और कहा कि राजपाल यादव ने भारतीय सिनेमा को बहुत कुछ दिया है।

उन्होंने कहा, 'मैं सच्ची प्रतिभा का सम्मान करता हूं। राजपाल यादव ने भारतीय सिनेमा को बहुत कुछ दिया है। उन्होंने अपने कई किरदारों के माध्यम से हमारे चेहरों पर मुस्कान लाई है। मैं राजपाल यादव को अपनी आगामी फिल्म में साथ काम करने के लिए आमंत्रित करता हूं, जिसे संजय संजू सैनी ने लिखा और निर्देशित किया है और हम इस समय उनका समर्थन करना चाहते हैं।'

बता दें कि अभिनेता राजपाल यादव अपने कर्ज और चेक बाउंस मामले के सिलसिले में तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण करने के बाद सुर्खियों में हैं। इस मुश्किल दौर के बीच, फिल्म जगत के कई सहयोगी उनके समर्थन में आगे आए हैं।

राजपाल यादव ने स्वयं द्वारा निर्देशित फिल्म 'अता पता लापता' के लिए एक कंपनी से कर्ज लिया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हुई थी। इसके बाद राजपाल यादव को कर्ज चुकाने में भारी समस्याओं का सामना करना पड़ा था।

फिल्म जगत से राजपाल यादव के लिए मदद की पेशकश पर उनकी पत्नी राधा यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसके लिए लोगों का आभार जताया है।

About The Author: News Desk