कांग्रेस असम को घुसपैठियों के हवाले करना चाहती है: प्रधानमंत्री

मोदी ने गुवाहाटी में जनसभा को संबोधित किया

Photo: @BJPLive X account

गुवाहाटी/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम के गुवाहाटी में जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बड़ी-बड़ी आम सभाएं करने का तो बहुत अवसर मिलता है। जनता जनार्दन के दर्शन करना, उन्हें संबोधित करना लगातार चलता रहता है, लेकिन असम के बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं के दर्शन करना मेरे लिए बहुत बड़ा सौभाग्य है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भाजपा जहां पहुंची है, उसका श्रेय अगर किसी को मिलता है तो वह सिर्फ और सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ताओं को जाता है। हमारा विश्वास संगठन में है। हम राष्ट्रजीवन में परिवर्तन का आधार संगठन की शक्ति मानते हैं। इसलिए इतनी बड़ी तादाद में जमीन की जड़ों से जुड़े हुए कार्यकर्ताओं के दर्शन करना बहुत बड़ा सौभाग्य है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम लोग एक ही मंत्र को लेकर जिए हैं, हम लोग एक ही मंत्र को साकार करने के लिए अपने आप को खपा रहे हैं। वो मंत्र है- भारत माता की जय। मां कामाख्या की असम पर, असमवासियों पर, देश पर और देशवासियों पर बहुत कृपा रही है। उनके आशीर्वाद से असम ने राष्ट्ररक्षा और देश की स्वतंत्रता एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने वाली अनेक संताने दी हैं। ऐसी ही एक संतान कबीन्द्र पुरकायस्थ को मैं आज प्रणाम करता हूं। उन्होंने अपना पूरा जीवन असम और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया। इसी योगदान को नमन करते हुए भाजपा-राजग सरकार को उन्हें पद्म पुरस्कार से सम्मानित करने का सौभाग्य मिला है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही देश का बजट आया है। बजट के बाद असम का और नार्थ—ईस्ट का मेरा यह पहला दौरा है। जिस नार्थ—ईस्ट को कांग्रेस ने हमेशा नजरअंदाज किया, हम उस नार्थ—ईस्ट की भक्तिभाव से सेवा कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नॉर्थ—ईस्ट हमारे लिए अष्टलक्ष्मी है। इस वर्ष का बजट अष्टलक्ष्मी के लिए भाजपा-राजग के विज़न को और मजबूती देने वाला है। कांग्रेस के समय में असम को टैक्स के हिस्से के रूप में सिर्फ 10 हजार करोड़ रुपए मिलते थे। अब भाजपा सरकार में असम को कांग्रेस सरकार के मुकाबले 5 गुना ज्यादा रुपए मिल रहे हैं। अगर पिछले 11 वर्षों की बात करें तो असम को तमाम विकास परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से 5.50 लाख करोड़ रुपए से अधिक मिले हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बजट में बहुत अधिक फोकस नार्थ—ईस्ट को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर है। इस बार असम को टैक्स की हिस्सेदारी के रूप में लगभग 50 हजार करोड़ रुपए मिलने वाले हैं। कांग्रेस के समय असम को कैसे पाई-पाई के लिए तरसा कर रखा जाता था। वह आपको भलीभांति याद होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस साल के बजट में नार्थ—ईस्ट की कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूती देने का काम किया गया है। कनेक्टिविटी बढ़ती है तो रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। इसलिए असम हाइवे और अन्य रोड प्रोजेक्ट्स के लिए हजारों करोड़ रुपए देना तय हुआ है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बजट में जो घोषणा हुई है, उससे असम में पर्यटन का भी विस्तार होगा। अभी आपने देखा होगा कि 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम गुवाहाटी में हुआ था। हमने ब्रह्मपुत्र नदी में क्रूज पर विद्यार्थियों से चर्चा की थी। आने वाले समय में ब्रह्मपुत्र पर ऐसे ही रिवर टूरिज्म को और बढ़ाया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज ही पुलवामा हमले की बरसी है। मैं इस हमले में जान गंवाने वाले मां भारती के वीर सपूतों को नमन करता हूं। इस आतंकी हमले के बाद भारत ने जिस तरह आतंकियों को सजा दी, वह पूरी दुनिया ने देखा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी आपने भारत की यह शक्ति ऑपरेशन सिंदूर में भी देखी है, लेकिन मैं आपसे जानना चाहता हूं कि क्या कभी कांग्रेस में देशहित के लिए इतनी हिम्मत के साथ फैसले करने की ताकत थी? वे ज्यादा से ज्यादा बयान दे सकते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जो कांग्रेस भारत को राष्ट्र मानने से भी इन्कार करती हो, जो सवाल करते हैं कि मां भारती क्या होती है, जो मां भारती के नाम तक से परहेज करती हो, जो मां भारती के प्रति जरा—सा सम्मान तक नहीं दिखाते, वह कांग्रेस कभी भारत का भला नहीं कर सकती।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज की कांग्रेस हर उस विचार, हर उस आतंकी को कंधे पर बैठाती है, जो देश का बुरा सोचता है। जो लोग देश के टुकड़े-टुकड़े करने का सपना देखते हैं, जो लोग नॉर्थ—ईस्ट को भारत से अलग करने के नारे लगाते हैं, वे कांग्रेस के लिए पूजनीय बन चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के समय मुस्लिम लीग ने देश का बंटवारा कराया था। अब आज की कांग्रेस मुस्लिम लीगी माओवादी कांग्रेस यानी एमएमसी बनकर फिर देश को बांटने में लग गई है, इसलिए आपको कांग्रेस से सावधान रहना है और असम की जनता को भी सावधान करना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के समय में 3जी और 4जी टेक्नोलॉजी आई, 2जी के घोटाले भी आए, लेकिन नार्थ-ईस्ट तक, असम तक उसे तेजी से पहुंचाने के लिए कांग्रेस ने मेहनत ही नहीं की। जब भाजपा सरकार में 5जी टेक्नोलॉजी आई तो हमने इस टेक्नोलॉजी को असम सहित पूरे नार्थ-ईस्ट के गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए काम किया। आज गुवाहाटी के युवाओं को हाई-स्पीड इंटरनेट का लाभ मिल रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां आए भाजपा कार्यकर्ताओं में बड़ी-संख्या मेरे युवा बेटे-बेटियों की है। आप याद रखिए, देश में जब मैनेजमेंट और उच्च शिक्षा की बात होती थी तो असम और नार्थ-ईस्ट के युवाओं के पास सिर्फ पलायन का ही विकल्प होता था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देखिए आईआईएम पलासबाड़ी का नया कैंपस शुरू हो चुका है। आईआईटी गुवाहाटी का भी आधुनिकीकरण हो रहा है। भाजपा और राजग की सरकार असम में शांति बहाली और तेज विकास का संकल्प लेकर चल रही है। इसलिए, जो असम कभी बम धमाकों से गूंजता था, उसी असम में अब शांति की स्थापना हो रही है। जिस असम में हर साल औसतन एक हजार से ज्यादा लोग हिंसा में मारे जाते थे, आज वहां हिंसा की घटनाएं बंद हो रही हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहली बार असम में बोडो, कार्बी, आदिवासी, डीएनएलए, उल्फा जैसे हर संगठन से जुड़े साथियों ने बंदूक छोड़कर देश के संविधान का रास्ता चुना है। शांति और विकास की राह पकड़ी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 10 वर्ष सत्ता से बाहर रहने की वजह से कांग्रेस और ज्यादा जहरीली हो गई है। कांग्रेस असम को फिर से अशांति और अराजकता में झोंकना चाहती है। कांग्रेस असम को घुसपैठियों के हवाले करना चाहती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस असम की असली पहचान को मिटाना चाहती है। आने वाले पांच साल असम के लिए बहुत महत्त्वपूर्ण हैं। इस दौरान ऐसे अनेक प्रोजेक्ट पूरे होने वाले हैं, जो असम की उन्नति को नए पंख लगाएंगे। इसलिए यहां डबल इंजन की भाजपा सरकार फिर एक बार बहुत जरूरी है।

About The Author: News Desk