सीमा पर पाकिस्तान की साजिश नाकाम, 20 करोड़ रु. का 'माल' बरामद

तस्करों का हुआ पर्दाफाश

Photo: ISPR

जम्मू/दक्षिण भारत। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शनिवार को एक बड़े सीमा-पार मादक पदार्थ तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया गया। इसमें 4 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की गई, जिसकी कीमत 20 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।

उन्होंने बताया कि सीमा पार से ड्रोन द्वारा सामग्री गिराए जाने की सूचना के बाद आरएस पुरा सेक्टर के एक अग्रिम गांव में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान यह अवैध सामग्री बरामद की गई।
 
अधिकारियों ने बताया कि तलाशी के दौरान हेरोइन से भरे दो पैकेट बरामद किए गए और बाद में उन्हें जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीमा-पार तस्करी गिरोह में शामिल लोगों की पहचान करने तथा उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आगे की जांच शुरू कर दी है।

यह बरामदगी उस घटना के एक दिन बाद हुई है, जब पुलिस ने कठुआ जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से हेरोइन की कथित तस्करी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया था।

पंजाब के पठानकोट निवासी जतिन और कठुआ के जखबार निवासी दानिश डोगरा उर्फ साजन को नगरी के पास ड्रोन से गिराई गई सामग्री से जुड़े एक मामले तथा 150 ग्राम हेरोइन की बरामदगी के संबंध में गिरफ्तार किया गया है।

दोनों आरोपी वीओआईपी (वॉयस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल) कॉल के माध्यम से पाकिस्तान स्थित एक तस्कर के संपर्क में थे।

About The Author: News Desk