चेन्नई/दक्षिण भारत। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने बुधवार को कहा कि द्रमुक और कांग्रेस के बीच गठबंधन कायम है। उन्होंने दोनों पार्टियों के बीच मतभेद की खबरों को खारिज किया।
उन्होंने तमिलनाडु में मिली-जुली सरकार की संभावना को भी खारिज किया, जिससे कांग्रेस पार्टी के लिए दरवाज़ा बंद हो गया, जिसके कुछ वरिष्ठ नेता यह मामला उठा रहे हैं।
यह साफ करते हुए कि कोई भ्रम नहीं है, स्टालिन, जो द्रमुक के भी प्रमुख हैं, ने कहा, 'सरकार में सत्ता साझा करना तमिलनाडु के अनुकूल नहीं है। कांग्रेस भी इसे बहुत अच्छी तरह जानती है।'
उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा, 'कुछ लोग सिर्फ गठबंधन में दरार डालने के लिए सत्ता साझा करने का मुद्दा उठा रहे हैं। यह रणनीति काम नहीं करेगी।'
स्टालिन ने कहा, 'गठबंधन में भ्रम की अफवाहें जानबूझकर फैलाई जा रही हैं। राजनीति से परे, मैं, राहुल गांधी को भाई के रूप में देखता हूं। वे भी मुझे उसी नजरिए से देखते हैं।'
उन्होंने कहा, 'द्रमुक-कांग्रेस गठबंधन सामंजस्यपूर्ण है। जो दूसरों को उम्मीद है (विभाजन), वह नहीं होगा।'
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में आने वाले चुनाव द्रमुक के लिए साल 2021 विधानसभा चुनाव की तुलना में जीत हासिल करना ज्यादा कठिन नहीं होगा।
स्टालिन ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई कुछ योजनाओं का पालन केंद्र सरकार भी कर रही है। उन्होंने 'थोज़ी' होस्टल योजना की ओर संकेत किया।