'जो पार्टियां स्वयं से शुरू होकर स्वयं पर खत्म होती हैं, उनसे देश का भविष्य उज्ज्वल नहीं हो सकता'

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा ...

Photo: @BJPLive X account

पटना/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को बिहार के पटना में अभिनंदन समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि साल 2006 में, जब हमने अपने पिता के निधन के बाद राजनीति की शुरुआत की थी, और आज उसे 20 साल होने जा रहे हैं। यही वह समय था, जब हमारे तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष राधा मोहन सिंह ने मुझे पहली बार चुनाव लड़ने को कहा था और पार्टी के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह का आशीर्वाद और पूरी पार्टी का समर्थन मिला था।

नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज मैं बिहार की धरती से आभार व्यक्त करता हूं, जो भरोसा उन्होंने मुझ पर जताया है, मैं उसे और आगे ले जाने का प्रयास करूंगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में, मैं आज पहली बार पटना आया हूं। मैं बिहारवासियों का अभिवादन करना चाहता हूं, जिन्होंने मुझे लगातार बिहार विधानसभा का सदस्य बनने का अवसर दिया।

नितिन नबीन ने कहा कि मैंने युवा मोर्चा में लंबे समय तक काम किया है। मैं उन्हें हमेशा कहता था कि राजनीति को शॉर्टकट नहीं लीजिएगा, राजनीति लॉन्ग रन है। मैं इसे आज फिर से दोहराता हूं, मेरे युवा साथियों, अगर हमें प्रधानमंत्री मोदी के सपने को साकार करना है, अगर हमें प्रधानमंत्री मोदी के सपनों का भारत बनाना है, तो हम सबको अपने समय के कालखंड में पुरुषार्थ करना पड़ेगा।

नितिन नबीन ने कहा कि इस अवसर पर मैं आज भाजपा के विचार को भी प्रणाम करता हूं। श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रवाद की प्रेरणा दी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय की परिकल्पना हमारे सामने रखी और आज हमारी सरकारें उसी परिकल्पना के साथ काम कर रही हैं। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने सुशासन का मंत्र दिया और आज भाजपा की सरकारें इन तीनों महापुरुषों के विचारों से संचालित हो रही हैं।

नितिन नबीन ने कहा कि जो पार्टियां स्वयं से शुरू होकर स्वयं पर ही खत्म हो जाती हैं, उनसे बिहार और देश का भविष्य उज्ज्वल नहीं हो सकता है। हम सबको यह याद रखना है कि राजनीति करने से पहले हमें सामाजिक बनने की आवश्यकता है।

नितिन नबीन ने कहा कि हमें अपने लोगों के साथ जुड़ना होगा, कार्यकर्ताओं के कंधे पर हाथ रखकर आगे बढ़ना होगा। कार्यकर्ताओं को यह विश्वास दिलाना होगा कि हम बिहार के लिए काम करते हैं, हम देश के लिए काम करते हैं। हम नेशन फर्स्ट की परिकल्पना से काम करते हैं, हम पार्टी नेक्स्ट की परिकल्पना से काम करते हैं, और हम सेल्फ लास्ट की परिकल्पना से काम करते हैं।

About The Author: News Desk