दिल्ली के 10 से ज्यादा स्कूलों को मिली बम की धमकी

तलाशी अभियान जारी

Photo: PixaBay

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। राष्ट्रीय राजधानी में कम से कम 10 स्कूलों को सोमवार को बम की धमकी वाले ईमेल मिले। इसके बाद बड़े पैमाने पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने यह जानकारी दी है।

डीएफएस के अनुसार, सुबह के समय शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थित कई शैक्षणिक संस्थानों से आपातकालीन कॉल प्राप्त हुईं, जिसके बाद दमकल गाड़ियां और बम निरोधक दस्ते तुरंत संबंधित स्थानों पर भेजे गए।

डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा, 'आज कुल 10 स्कूलों को बम की धमकियां मिलीं। दमकल विभाग की टीमें तुरंत परिसर में पहुंच गईं। जांच जारी है।'

एहतियातन स्कूलों को खाली कराया गया। बम खोज एवं निष्क्रिय करने वाले दस्ते, डॉग स्क्वॉड के साथ मिलकर व्यापक तलाशी अभियान चला रहे हैं।

पहले भी मिली चुकी हैं धमकियां

बता दें कि शुक्रवार को ओडिशा की चार अदालतों में उस समय अफरा-तफरी मच गई थी, जब अधिकारियों को बम की धमकी वाले ईमेल मिले। हालांकि वे बाद में फर्जी पाए गए।

कट्टक, पुरी, जाजपुर और फूलबनी में जिला और सत्र न्यायाधीश अदालतों को ईमेल प्राप्त हुए, जिसमें प्रेषक ने बम फोड़ने की धमकी दी थी।

सुरक्षाकर्मियों ने घंटों तक बम डिस्पोजल स्क्वॉड और खोजी कुत्तों की मदद से तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद ओडिशा पुलिस ने इसे एक अफवाह बताया।

About The Author: News Desk