भोपाल/दक्षिण भारत। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच जो ट्रेड डील हुई है, वह अपनेआप में ऐतिहासिक है, अभूतपूर्व है और भारतीय अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाईयां और गति देने वाली है। यह समझौता सिर्फ व्यापारिक समझौता नहीं है, बल्कि भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का भी प्रतीक है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह डील दुनिया को भी एक संदेश देती है कि भारत की नीति कमिटमेंट की है, कंप्रोमाइज की नहीं है। हम आत्मविश्वास से देश के हित में निर्णय लेते हैं। हम सौदेबाजी नहीं, संतुलित रणनीति अपनाकर सकारात्मक संवाद करते हैं। ये ट्रेड डील डिप्लोमैसी, डवलपमेंट और डिग्निटी का एक उत्तम उदाहरण है। इसमें किसान की गरिमा का पूरा ध्यान रखा गया है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह ट्रेड डील हमारे किसानों को न केवल सुरक्षित रखती है, बल्कि हमारे कृषि उत्पादों को नए अवसर प्रदान करती है। हमारे लिए राष्ट्रहित और किसान हित सर्वोपरि है। वर्षों तक कांग्रेस ने इस देश पर शासन किया, यूपीए ने भी 10 साल किया, लेकिन न तो उन्होंने किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ा और न भारतीय अर्थव्यवस्था को स्थिरता और ऊंचाइयां प्रदान कीं।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारा जो संकल्प है- वर्ष 2047 तक विकसित भारत का निर्माण ... उस विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में ये समझौते मील के पत्थर साबित होंगे। इसके लिए मैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हृदय से धन्यवाद देता हूं।