मैं कब मुख्यमंत्री बनूंगा, यह समय बताएगा: डीके शिवकुमार

'सभी को कांग्रेस आला कमान के निर्णय का पालन करना होगा'

Photo: DKShivakumar.official FB Page

मंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शनिवार को कहा कि यह समय बताएगा कि उन्हें कब पदोन्नत किया जाएगा और इस मामले में सभी को कांग्रेस आला कमान के निर्णय का पालन करना होगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की भी जिम्मेदारी संभाल रहे शिवकुमार की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब मुख्यमंत्री सिद्दरामय्या और उनके बीच शीर्ष पद को लेकर फिर से सत्ता संघर्ष सामने आया है। 

इस बीच, सिद्दरामय्या के पुत्र यतींद्र ने जोर देकर कहा है कि उनके पिता अपने पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे और पार्टी आला कमान ने इस संबंध में संकेत दिया है।

शिवकुमार से जब पूछा गया कि वे जहां भी जाते हैं, लोग और समर्थक इस इच्छा का इजहार करते हैं कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए, तो उन्होंने पत्रकारों से कहा, 'लोगों, विधायकों, आप (मीडिया) और हर किसी की इच्छा हो सकती है, लेकिन पार्टी जो कहती है, हम सभी को उसका पालन करना चाहिए।' 

जब उनसे पूछा गया कि क्या यह उम्मीद की जा सकती है कि वे राज्य का बजट पेश होने के कुछ ही दिन बाद मुख्यमंत्री बन जाएंगे, तो शिवकुमार ने कहा, 'यह समय बताएगा।'

About The Author: News Desk