ऑनलाइन गेमिंग: बड़े खतरे हैं इस राह में

गाजियाबाद में 3 नाबालिग बहनों ने आत्महत्या कर ली

कोरियन गेम का नाम सामने आने से मामला काफी पेचीदा हो गया

गाजियाबाद में एक इमारत की नौवीं मंजिल से कूदकर तीन नाबालिग बहनों द्वारा अपनी जीवनलीला खत्म करने के मामले से कई सवाल खड़े होते हैं। प्रारंभिक रिपोर्टों में एक ऑनलाइन कोरियन गेम का नाम सामने आने से मामला काफी पेचीदा हो गया है। पहले भी कोरियन गेम, ड्रामा और एक बैंड के प्रति आकर्षण की वजह से लड़कियां ऐसे कदम उठा चुकी हैं, जिन्होंने उनको संकट में डाला था। चूंकि अभी जांच चल रही है, इसलिए उक्त तीनों लड़कियों के मामले में शक की सुई कोरियन गेम की ओर घूमना स्वाभाविक है। ऑनलाइन गेमिंग की लत पहले ही कई लोगों का घर बर्बाद कर चुकी है। जिसे इसका चस्का लग जाता है, वह अपने जरूरी काम छोड़कर गेम में डूबा रहता है। घंटों स्क्रीन पर नजरें जमाकर गेम खेलने से नेत्र-ज्योति पर असर पड़ता है। मानसिक स्थिति डांवाडोल हो जाती है। कुछ गेम तो हर चरण के लिए खतरनाक टास्क देते हैं। उन्हें पूरा करने के लिए लोग खुद को या दूसरों को नुकसान पहुंचाने से भी गुरेज नहीं करते। मध्य प्रदेश के भोपाल का एक मामला चर्चा में है, जहां एक किशोर ने गलत कदम उठा लिया। वह एक ऑनलाइन गेम खेला करता था, जो अपने खतरनाक टास्क के लिए जाना जाता है। एक गेम ऐसा है, जो यूजर को ब्लेड के जरिए (खुद को) लहूलुहान करने का टास्क देता है। इसी तरह, एक और गेम ऊंची जगह से कूदने के लिए उकसाता है। कुछ साल पहले सोशल मीडिया पर एक मामला सुर्खियों में रहा था। एक दंपति ऑनलाइन गेम खेलते हुए वर्चुअल बच्चे की 'देखभाल' में इतना ज्यादा व्यस्त हो गया था कि अपने असली बच्चे को भूल गया था।

कई लोग ऑनलाइन गेम में रुपए लगाकर करोड़पति बनना चाहते हैं। वे इस कोशिश में खुद को तबाह कर लेते हैं। पिछले साल उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक व्यक्ति ने पांच बीघा जमीन और मकान तक दांव पर लगा दिए थे। वह लगभग सवा करोड़ रुपए हारा था। हैरानी की बात यह थी कि वह एक सरकारी शिक्षक था! उस शख्स ने सबकुछ हारने के बाद मीडिया के सामने स्वीकार किया कि ऑनलाइन गेमिंग दिमाग को हैक कर लेती है। उसने एक दोस्त के कहने पर ऑनलाइन गेम खेलना शुरू किया था। पहले, उसने 18 लाख रुपए कमाए थे। उसे लगा कि वह जल्द ही मालामाल हो जाएगा। इसके लिए रातभर जागकर गेम खेलता और अपनी बचत का एक हिस्सा लगा देता। जब वह खत्म हो गई तो लाखों रुपए का कर्ज ले लिया। सबकुछ लुटाने के बाद गेम खेलना छोड़ा। ऐसे गेम बच्चों के लिए बहुत खतरनाक हैं। एक मशहूर अभिनेता की बेटी ऑनलाइन गेम खेलते हुए किसी अजनबी के संपर्क में आई थी। एक दिन उस शख्स ने अभिनेता की बेटी से आपत्तिजनक तस्वीरें मांगीं। ताइवान में एक शख्स कैफे में तीन दिन तक लगातार ऑनलाइन गेम खेलता रहा। आखिर में उसके प्राण पखेरू उड़ गए। दक्षिण कोरिया में एक युवक कई दिनों तक ऑनलाइन गेम्स की दुनिया में ही खोया रहा। एक दिन उसके अंगूठे ने काम करना बंद कर दिया। एक युवती रात-रातभर गेम खेलने के कारण स्क्रीन पर नजरें जमाकर रखती थी। कुछ महीने बाद उसकी नेत्र-ज्योति बहुत कम हो गई। थाईलैंड में एक दंपति के पांवों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि उसके इकलौते लड़के ने ज़िंदगीभर की बचत उड़ा दी थी। उसे एक गेम में टास्क मिला था कि वह कोई ऐसा काम करे, जिससे परिवार हैरान रह जाए। ये तो थोड़े-से उदाहरण हैं। ऑनलाइन गेमिंग के कारण दुनियाभर में जो कांड हुए हैं, उनकी सूची बहुत लंबी है। लोगों को समय रहते सावधान हो जाना चाहिए। खतरनाक ऑनलाइन गेम से खुद दूर रहें और अपने बच्चों को भी दूर रखें।

About The Author: News Desk