ममता सरकार बदले की राजनीति के कारण प. बंगाल में केंद्र की योजनाएं लागू नहीं कर रही: भाजपा सांसद

समिक भट्टाचार्य ने तृणकां के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल सरकार पर तीखा हमला बोला

Photo: BJP4Karnataka FB Page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। राज्यसभा में भाजपा सांसद समिक भट्टाचार्य ने बुधवार को तृणकां के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल सरकार पर तीखा हमला बोला और उस पर 'बदले की राजनीति' के कारण आयुष्मान भारत सहित कई केंद्रीय सामाजिक कल्याण योजनाओं को लागू नहीं करने का आरोप लगाया।

उच्च सदन में शून्य काल के दौरान यह मामला उठाते हुए भट्टाचार्य ने कहा, 'आज पश्चिम बंगाल के गरीब और हाशिए पर पड़े लोग तृणकां सरकार द्वारा की जा रही बदले की राजनीति के कारण (फायदों से) वंचित हैं।'

उन्होंने तृणकां सरकार पर कई सामाजिक कल्याण योजनाओं को रोकने का आरोप लगाया और कहा, "यह देश के संघीय ढांचे पर सीधा हमला है।'

भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने 'बदले की राजनीति' के कारण लगभग 43 रेलवे प्रोजेक्ट रोक दिए हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य में न्यायपालिका पर भी हमला किया गया है।

उन्होंने कहा कि तृणकां सरकार 'सिर्फ विरोध के लिए विरोध' कर रही है और गरीबों, किसानों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों को फायदों से वंचित कर रही है।
 
जैसे ही भाजपा सांसद ने सदन में यह मामला उठाया, तृणकां सदस्यों ने नारे लगाने शुरू कर दिए।

About The Author: News Desk