भारत-अमेरिका व्यापार समझौता एक ‘बड़ा फैसला’: प्रधानमंत्री

राजग सांसदों की बैठक में बोले मोदी

Photo: @NarendraModi YouTube Channel

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता एक 'बड़ा फैसला' है, जिससे देश के सभी लोगों को लाभ होगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार हमेशा राष्ट्र के हित में काम करती है।

प्रधानमंत्री ने ये टिप्पणियां राजग संसदीय दल की बैठक में कीं। बैठक में मौजूद गठबंधन के सांसदों ने यह जानकारी दी।

सदस्यों ने यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौतों के लिए मोदी को बधाई दी और कहा कि इससे भारतीय निर्माता, निर्यातक और उद्यमी मजबूत होंगे।

बैठक में शामिल एक सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता एक बड़ा फैसला है और इससे देश के सभी लोगों को लाभ होगा।

भारत और अमेरिका व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं, जिसके तहत वाशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए पारस्परिक शुल्क को कुल 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि इस समझौते को लेकर पूरे देश में उत्साह है।

उन्होंने बैठक के बाद कहा, 'प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नौ व्यापार समझौते पूरे होने को लेकर सांसदों में उत्साह है। कुल 39 देशों के साथ व्यापार समझौते किए गए हैं। यह ऐतिहासिक है। ये सभी 39 देश विकसित देश हैं ... यह ऐतिहासिक है। देश में बहुत अच्छा माहौल बना हुआ है।'

About The Author: News Desk