बजट: अगले 5 सालों में बायोफार्मा में 10,000 करोड़ रु. के निवेश का प्रस्ताव

सीतारमण ने कहा कि 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' अपने रास्ते पर है

Photo: nirmala.sitharaman FB page

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को अगले पांच वर्षों में बायोफार्मा क्षेत्र में 10,000 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव रखा, जो देश के फार्मास्यूटिकल्स उद्योग को बढ़ावा देने वाला कदम होगा।

बायोफार्मास्यूटिकल्स या बायोलॉजिक्स, जटिल दवाइयां होती हैं, जिन्हें रासायनिक संश्लेषण के बजाय जीवित जीवों, कोशिकाओं या ऊतकों से बनाया जाता है। 

उन्होंने छह क्षेत्रों में हस्तक्षेप का भी प्रस्ताव रखा, जिनमें विनिर्माण, रणनीतिक और अग्रणी क्षेत्र, स्वास्थ्य सेवा और उन्नत प्रौद्योगिकी शामिल हैं।

निर्मला सीतारमण ने कहा कि 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' अपने रास्ते पर है और सरकार इस गति को बनाए रखेगी।

उन्होंने कहा, 'हमारा कर्तव्य यह सुनिश्चित करना है कि हर परिवार, समुदाय और सेक्टर को संसाधनों, सुविधाओं और अवसरों तक पहुंच मिले।'

सीतारमण ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि विकास का फायदा हर किसान, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और युवा तक पहुंचे।

निर्मला सीतारमण ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग पर खर्च बढ़ाकर 40,000 करोड़ रुपए करने का प्रस्ताव दिया।

उन्होंने कहा कि कैपिटल गुड्स मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए दो जगहों पर हाई-टेक टूल रूम बनाए जाएंगे। सीतारमण ने विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी इकोसिस्टम बनाने के लिए कंटेनर मैन्युफैक्चरिंग के लिए एक योजना का भी प्रस्ताव दिया।

वित्त मंत्री ने अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए छोटे और मध्यम उद्यमों के लिए 10,000 करोड़ रुपए का फंड स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। इसके अलावा, टेक्निकल टेक्सटाइल में वैल्यू एडिशन पर फोकस करने वाले मेगा टेक्सटाइल पार्क भी स्थापित किए जाएंगे।

About The Author: News Desk