तिरंगा हमेशा लहराता रहे, भारत का सम्मान हमेशा बढ़ता रहे: नितिन नबीन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने युवा मतदाताओं से संवाद किया

Photo: @BJP4India X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर यहां पार्टी मुख्यालय में युवा मतदाताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आज का मतदाता कल के भारत का भविष्य लिखने वाला है। हमारे एक-एक वोट से एक अच्छी सरकार बनती है, इसलिए सर्वप्रथम आज मैं आप सभी का अभिवादन करता हूं।

नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हमेशा युवाओं के प्रति काफी लगाव रहता है, क्योंकि वे जानते हैं कि आज का युवा जो निर्णय करता है, वही निर्णय इस देश को आगे बढ़ाएगा। 

नितिन नबीन ने कहा कि आप कल्पना कर सकते हैं कि इस देश में एक साथ 95 करोड़ लोग वोट डालते हैं। कई ऐसे देश हैं, जिनमें चार-पांच देश की जितनी आबादी है, उससे अधिक हमारे देश के मतदाता वोट डालते हैं। इतना बड़ा मतदान पारदर्शिता के साथ कराना कितनी बड़ी बात है!

नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा कहते हैं- सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास ... और यह प्रयास हम सबका है। हम सब भारतवासियों का एक ही प्रयास है- भारत का तिरंगा हमेशा लहराता रहे, भारत का सम्मान हमेशा बढ़ता रहे।

नितिन नबीन ने कहा कि साल 2047 में जब विकसित भारत बनेगा, तब देश के एक-एक नागरिक को लगना चाहिए कि इसमें मेरे भी प्रयासों का फल है। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पहली बार के मतदाताओं का अभिनंदन करते हुए, मैं आप सबको इस देश के विकास में शामिल होने के लिए आग्रह करता हूं।

About The Author: News Desk