भारत पर लगाए गए 25 प्रतिशत टैरिफ को हटाने के लिए एक 'रास्ता' मौजूद: अमेरिका

भारत पर लगाए गए प्रतिबंधों को एक 'सफलता' बताया

Photo: PixaBay

न्यूयॉर्क/दक्षिण भारत। अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि भारत द्वारा रूसी तेल खरीदने के कारण लगाए गए 25 प्रतिशत टैरिफ को हटाने के लिए एक 'रास्ता' मौजूद है। उन्होंने यह भी कहा कि मॉस्को से दिल्ली द्वारा की जाने वाली ऐसी खरीद 'लगभग समाप्त' हो चुकी है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिए हैं, जिनमें रूसी तेल की खरीद के लिए 25 प्रतिशत टैरिफ भी शामिल है। इससे दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में तनाव पैदा हो गया है।

बेसेंट ने भारत पर लगाए गए प्रतिबंधों को एक 'सफलता' बताया।

बेसेंट ने कहा, 'हमने रूस से तेल खरीदने के लिए भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया था। भारतीय रिफाइनरियों द्वारा रूसी तेल की खरीदारी बहुत कम हो गई है। तो यह एक सफलता है। टैरिफ अभी भी लागू हैं। 25 प्रतिशत रूसी तेल टैरिफ अभी भी लागू हैं।' 

उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि इन्हें हटाने का भी एक रास्ता है। तो यह एक अच्छी बात है और एक बड़ी सफलता है।'

बेसेंट ने भारत पर टैरिफ न लगाने के लिए यूरोप की आलोचना भी की। उन्होंने कहा, 'हमारे दिखावा करने वाले यूरोपीय सहयोगियों ने ऐसा करने से मना कर दिया, क्योंकि वे भारत के साथ यह बड़ी ट्रेड डील करना चाहते थे।'

उन्होंने कहा, 'यूक्रेन पर हमले से पहले, भारत की रिफाइनरियों में आने वाले तेल का लगभग 2 या 3 प्रतिशत रूस से आता था। तेल पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इस पर भारी छूट मिली और यह बढ़कर 17, 18, 19 प्रतिशत हो गया, जिसे रिफाइन किया जा रहा था। रिफाइनरियों को इससे बहुत ज़्यादा मुनाफ़ा हुआ।' उन्होंने यूरोप पर भारत में रिफाइन किए गए तेल को खरीदकर रूस के युद्ध को फंड करने का आरोप लगाया।

About The Author: News Desk