तेहरान/दक्षिण भारत। ईरान के निर्वासित 'युवराज' रेज़ा पहलवी ने सर्वोच्च नेता खामेनेई के खिलाफ एक बार फिर हुंकार भरी है। उन्होंने देशवासियों से आंदोलन को और तेज करने की अपील की है।
रेज़ा पहलवी ने 'एक्स' पर अपने देशवासियों के नाम एक संदेश में कहा, 'दुनिया ने न केवल आपकी आवाज़ और आपके साहस को देखा और सुना है, बल्कि अब वह उस पर प्रतिक्रिया भी दे रही है। अब तक आप संभवतः अमेरिका के राष्ट्रपति का संदेश सुन चुके होंगे। सहायता रास्ते में है। जैसे आप अब तक लड़ते आए हैं, वैसे ही संघर्ष जारी रखें।'
रेज़ा पहलवी ने कहा, 'इस शासन को यह भ्रम पैदा करने की अनुमति न दें कि जीवन सामान्य है। इन सभी नरसंहारों के बाद, हमारे और इस शासन के बीच खून का एक समंदर है। इन सभी अपराधियों के नाम सुरक्षित रखें। उन्होंने जो किया है, उसके लिए उन पर मुकदमा चलाया जाएगा।'
रेज़ा पहलवी ने कहा, 'सेना के सदस्यों के लिए मेरा एक विशेष संदेश भी है। आप ईरान की राष्ट्रीय सेना हैं, इस्लामी गणराज्य की सेना नहीं हैं। आपका कर्तव्य है कि अपने देशवासियों के जीवन की रक्षा करें। आपके पास ज़्यादा समय नहीं है। जितना जल्दी हो सके उनके साथ जुड़ जाएं।'
बता दें कि ईरान में खामेनेई विरोधी प्रदर्शन जोर पकड़ रहे हैं। एक ओर जहां शासन की ओर से लोगों को मृत्युदंड की धमकियां दी जा रही हैं, वहीं जनता का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। ताजा रिपोर्टों के अनुसार, अब तक 2571 लोगों की मौत हो चुकी है।