न्यूयॉर्क/दक्षिण भारत। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर अपनी एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें उनका पदनाम 'वेनेज़ुएला के कार्यवाहक राष्ट्रपति' के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।
रविवार को ट्रुथ सोशल पर की गई पोस्ट में ट्रंप का आधिकारिक पोर्ट्रेट है, और उसके साथ पदनाम लिखा है— 'वेनेज़ुएला के कार्यवाहक राष्ट्रपति, इनकंबेंट जनवरी 2026.'
इसमें उन्हें अमेरिका के 45वें और 47वें राष्ट्रपति के रूप में भी दर्शाया गया है, जिन्होंने 20 जनवरी, 2025 को पदभार ग्रहण किया था।
इस महीने की शुरुआत में, अमेरिका ने वेनेज़ुएला के खिलाफ़ एक बड़े पैमाने का हमला किया, जिसमें देश के नेता निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर लिया गया। मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ़्लोरेस को न्यूयॉर्क ले जाया गया, जहां उन पर नार्को-आतंकवाद साज़िश से जुड़े आरोपों में अभियोग लगाया गया है।
ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका, वेनेज़ुएला को 'तब तक चलाएगा जब तक हम एक सुरक्षित, उचित और विवेकपूर्ण बदलाव सुनिश्चित नहीं कर लेते। हम यह जोखिम नहीं उठा सकते कि वेनेज़ुएला की सत्ता किसी ऐसे व्यक्ति के हाथ में चली जाए जिसके मन में वेनेज़ुएला के लोगों के हित न हों।'
वेनेज़ुएला की उपराष्ट्रपति एवं तेल मंत्री डेल्सी रोड्रिगेज को पिछले सप्ताह औपचारिक रूप से देश की अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई।
ट्रंप ने कहा था कि वेनेज़ुएला के अंतरिम अधिकारी अमेरिका को 3 करोड़ से 5 करोड़ बैरल तक का उच्च-गुणवत्ता वाला, प्रतिबंधित तेल सौंपेंगे, जिसे उसके बाज़ार मूल्य पर बेचा जाएगा।
ट्रंप ने कहा, 'उस धनराशि को मैं, संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में, नियंत्रित करूंगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उसका उपयोग वेनेज़ुएला और अमेरिका के लोगों के हित में किया जाए। मैंने ऊर्जा सचिव क्रिस राइट से इस योजना को तुरंत लागू करने को कहा है। तेल को भंडारण जहाज़ों के माध्यम से ले जाया जाएगा और सीधे अमेरिका के अनलोडिंग डॉक तक पहुंचाया जाएगा।'