ममता बनर्जी को लगता है कि रोहिंग्या उनका वोटबैंक हैं: भाजपा

गौरव भाटिया ने पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया

Photo: @BJPLive X account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के तत्वावधान में जंगलराज फल-फूल रहा है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है।

भाटिया ने कहा कि भारत के नागरिक और पश्चिम बंगाल के भाई-बहन सब व्यथित हैं कि एक मुख्यमंत्री, जो संविधान की शपथ लेती हैं कि संविधान का पालन करेंगे, वही भारत के गृहमंत्री को धमकी देती हैं कि मैं न चाहूं तो भारत के गृहमंत्री पश्चिम बंगाल में घुस नहीं सकते।

भाटिया ने कहा कि सोचिए, संविधान की मूल भावना, अनुच्छेद 19 कहता है कि हर नागरिक स्वतंत्र है, पूरे भारत में कहीं भी जा सकता है। भारत की एक-एक इंच भूमि पर हक भारतीयों का है। तो ऐसा कैसे हो सकता है कि जिस मुख्यमंत्री ने संविधान की शपथ ली है, वही भारत के गृहमंत्री को धमकी देती हैं?

भाटिया ने कहा कि जंगलराज, गुंडाराज ऐसा ही होता है। जहां ममता बनर्जी को लगता है कि रोहिंग्या उनका वोटबैंक हैं, उनके साथ ममता बनर्जी रिश्ता बनाए रखना चाहती हैं और गृहमंत्री को धमकी देती हैं।

भाटिया ने कहा कि ममता बनर्जी ने यह हक खो दिया है कि वे पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनी रहें। साथ ही यह कहना गलत नहीं होगा कि एक घबराई सी, डरी हुई ममता बनर्जी सांप्रदायिक बयान भी दे रही हैं, धमकियां भी दे रही हैं, जो उनकी निराशा को साबित करता है।

भाटिया ने कहा कि अभी केएपी सर्वे प्रकाशित किया गया है, जिसमें कर्नाटक के लोगों का सर्वे किया गया। इस सर्वे में 5,100 उत्तरदाता थे और 102 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया गया। कर्नाटक की सरकार की रिपोर्ट कहती है कि करीब 85 प्रतिशत जनता को चुनावी प्रक्रिया पर और निर्वाचन आयोग पर भरोसा है। 

About The Author: News Desk