बांग्लादेश के कट्टरपंथी समूहों से संबंध के आरोप में असम और त्रिपुरा से 11 लोग गिरफ्तार

खुफिया जानकारी के आधार पर की कार्रवाई

Photo: PixaBay

गुवाहाटी/दक्षिण भारत। असम और त्रिपुरा में बांग्लादेश स्थित कट्टरपंथी समूहों से संबंधों के आरोप में ग्यारह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी है।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त पार्थसारथी महंत ने कहा कि स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने केंद्रीय एजेंसियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर यह गिरफ्तारी की है।

उन्होंने कहा, 'कल रात असम के बारपेटा, चिरांग और दर्रांग जिलों के साथ-साथ त्रिपुरा में भी एक ऑपरेशन किया गया। हमने कुल 11 जिहादी तत्त्वों को गिरफ्तार किया है, जो बांग्लादेश स्थित समूहों  के सीधे आदेश पर काम कर रहे थे।'

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोग नए बने इंडियन मुजाहिदीन-के संगठन के सदस्य हैं।

उन्होंने दावा किया, 'उनमें से दस को असम से और एक को त्रिपुरा से पकड़ा गया। उनका मुख्य उद्देश्य असम और बाकी नॉर्थ-ईस्ट को अस्थिर करना था। ये देश के इस हिस्से में 'मुस्लिम वर्चस्व' स्थापित करना चाहते थे।'

About The Author: News Desk