बेंगलूरु/दक्षिण भारत। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरामय्या ने गुरुवार को कहा कि चित्रदुर्गा बस दुर्घटना, जिसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, की ठीक से जांच की जाएगी।
उन्होंने इस दुर्घटना में हुई हानि पर दु:ख व्यक्त किया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को देर रात 2 बजे हिरियूर के पास एक तेज़ रफ़्तार कंटेनर ट्रक एक प्राइवेट लग्ज़री स्लीपर बस से टकरा गया, जिससे बस में आग लग गई और कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री ने अपने एक्स अकाउंट पर कहा, 'चित्रदुर्गा में हुए भयानक हादसे में मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।'
उन्होंने कहा, 'मुझे अधिकारियों से घटना के बारे में जानकारी मिली है और मैंने उन्हें पीड़ितों की मदद के लिए आने का निर्देश दिया है। इस मामले की जांच की जाएगी, दुर्घटना की वजह पता लगाया जाएगा और ज़रूरी कार्रवाई की जाएगी।'
मुख्यमंत्री ने कहा, 'मैं एक बार फिर इस घटना में घायल हुए लोगों के जल्दी ठीक होने और दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।'