कर्नाटक बस दुर्घटना में लोगों की मौत से बहुत दु:खी हूं: राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति ने घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की

Photo: President of India X Account

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को कर्नाटक के चित्रदुर्गा जिले में बस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की।

गुरुवार तड़के चित्रदुर्गा जिले में एक तेज़ रफ़्तार ट्रक से टक्कर के बाद एक स्लीपर बस में आग लगने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, बस में 32 यात्री सवार थे और उनमें से ज़्यादातर ज़िंदा जल गए।

राष्ट्रपति ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'कर्नाटक के चित्रदुर्गा में बस दुर्घटना से बहुत दु:ख हुआ, जिसमें कई लोगों की जान चली गई। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करती हूं।'

अनुग्रह राशि की घोषणा हुई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चित्रदुर्गा में हुए सड़क हादसे में हुईं मौतों पर दुख जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

बस ड्राइवर ने क्या कहा?

दुर्घटनाग्रस्त बस के ड्राइवर ने बताया कि उसने सामने से आ रहे तेज़ रफ़्तार ट्रक को देखकर अपनी गाड़ी को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन ऐसा नहीं कर पाया।

ड्राइवर ने पत्रकारों को बताया, 'ट्रक रोड डिवाइडर के दूसरी तरफ से आया और टक्कर मार दी। वह बहुत तेज़ स्पीड में था। उस समय मैं 60-70 (किमी/घंटा) की स्पीड बनाए हुए था। मैंने सामने से ट्रक को आते हुए देखा। मुझे बस इतना पता है कि ट्रक ने बस को टक्कर मारी, उसके बाद क्या हुआ और मुझे कैसे बाहर निकाला गया, यह मुझे नहीं पता।'

About The Author: News Desk