कर्नाटक: ट्रक और बस की टक्कर में 9 लोगों की मौत

शवों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट किया जाएगा

Photo: PixaBay

चित्रदुर्गा/दक्षिण भारत। जिले में गुरुवार तड़के एक तेज़ रफ़्तार ट्रक के एक लग्जरी स्लीपर बस से टकराने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। टक्कर के बाद बस में आग लग गई थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पूर्व ज़ोन के पुलिस महानिरीक्षक रविकांत गौड़ा ने बताया कि यह बस 32 यात्रियों को लेकर गोकर्ण जा रही थी। यह टक्कर के बाद आग की लपटों से घिर गई। ज़्यादातर मृतक गाड़ी के अंदर ही जल गए।

गौड़ा ने पत्रकारों को बताया कि यह हादसा तब हुआ जब ट्रक रोड डिवाइडर पार कर सामने से आ रही बस से टकरा गया। उन्होंने बताया कि बस ड्राइवर और क्लीनर बच गए। ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई।

गौड़ा ने कहा, 'हमारी शुरुआती जांच से पता चलता है कि इस दुर्घटना में एक डीजल टैंकर शामिल हो सकता है।'

गौड़ा ने बताया कि कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। आठ यात्रियों और ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई है। 12 घायलों में से नौ को सिरा और तीन को तुमकूरु ले जाया गया है। गंभीर रूप से जले हुए लोगों में से एक को बेंगलूरु के विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया है। 

बाकी घायल खतरे से बाहर हैं। 

टी दासराहल्ली से दांडेली जा रही एक और बस जिसमें 42 स्कूली बच्चे थे, जो उस बस के पीछे थी और दुर्घटना से बाल-बाल बच गई।

गौड़ा ने कहा, 'स्कूल के बच्चों को ले जा रही बस के ड्राइवर ने पीछे से बस को टक्कर मारी, वह दूसरी तरफ मुड़ा और सड़क से नीचे उतर गया। शुक्र है कि किसी को मामूली चोट भी नहीं लगी।'

उन्होंने बताया कि बच्चे दूसरी बस से अपना सफ़र जारी रखे हुए हैं। स्कूल बस ड्राइवर इस दुर्घटना का एक अहम चश्मदीद गवाह है, जिसका बयान रिकॉर्ड किया जाएगा। हादसे का शिकार हुई बस के ज़्यादातर यात्रियों ने अपने टिकट ऑनलाइन बुक किए थे। उन्होंने कहा, 'हमारे पास उनके फ़ोन नंबर हैं। हम उनके परिवारों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं।'
 
अधिकारी ने बताया कि शवों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट किया जाएगा।

About The Author: News Desk