तेजपुर/दक्षिण भारत। असम के शोणितपुर जिले में भारतीय वायुसेना के एक सेवानिवृत्त जवान को पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों से कथित संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक हरिचरण भूमिज ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी एजेंटों के साथ संवेदनशील दस्तावेज और जानकारी शेयर की थी। पुलिस ने उसके लैपटॉप और मोबाइल फोन को ज़ब्त कर लिया है।
भूमज ने बताया कि डिवाइस को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। हालांकि कुछ डेटा डिलीट कर दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भारत की गिरफ्त में पाकिस्तानी मछुआरे
इस हफ़्ते भारतीय अधिकारियों द्वारा गिरफ्तार किए गए 11 पाकिस्तानी मछुआरों, जिनमें दो किशोर भी शामिल हैं, के परिवारों ने उन्हें रिहा करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि वे सिर्फ़ गरीब मछुआरे हैं।
परिवारों ने पाकिस्तान सरकार से डिप्लोमैटिक चैनलों के ज़रिए उन्हें रिहा करवाने की अपील की।
गिरफ्तार मछुआरों में से एक, गुलाम मुस्तफा के पिता अहमद ब्रोही ने बताया कि वे सभी पश्चिमी कराची के एक मछली पकड़ने वाले गांव इब्राहिम हैदरी में एक-दूसरे के पास रहते थे।